देश

Telangana Blast: तेलंगाना में ग्लास फैक्टरी में विस्फोट, 5 की मौत, 10 घायल

Telangana Blast: तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में स्थित एक ग्लास फैक्टरी में विस्फोट हुआ है। इस ब्लास्ट में दर्जन भर से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है।

Image

तेलंगाना में ग्लास फैक्टरी में विस्फोट (प्रतीकात्मक फोटो)

KEY HIGHLIGHTS
  • मरने वालों में उत्तर प्रदेश और बिहार के लोग
  • फैक्टरी में शाम को हुआ ब्लास्ट
  • शादनगर स्थित फैक्टरी में हुआ है विस्फोट

Telangana Blast: तेलंगाना के एक ग्लास फैक्टरी में भयंकर विस्फोट हुआ। ग्लास फैक्टरी में हुए इस विस्फोट में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 10 घायल हो गए हैं।

रंगा रेड्डी ग्लास फैक्टरी विस्फोट

राज्य के अधिकारियों ने पीटीआई को बताया कि तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में शुक्रवार को एक ग्लास फैक्टरी में हुए विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि शादनगर में फैक्टरी के एक टैंक में शाम करीब साढ़े चार बजे विस्फोट हुआ। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।

क्यों हुआ ग्लास फैक्टरी में विस्फोट

यह घटना हैदराबाद से करीब 55 किलोमीटर दूर शादनगर स्थित फैक्टरी में हुई। अधिकारियों ने बताया कि फैक्टरी की भट्टी में विस्फोट हुआ और माना जा रहा है कि यह विस्फोट अत्यधिक गर्मी के कारण हुआ।

घटना के वक्त करीब 100 लोग मौजूद

विस्फोट जिस वक्त हुआ उस वक्त फैक्टरी में करीब 100 लोग मौजूद थे। टीवी फुटेज में घटनास्थल पर शवों के टुकड़े दूर तक बिखरे हुए दिखाई दिए।

ट्रेड यूनियन के एक नेता ने दावा किया कि मृतकों में से अधिकतर उत्तर प्रदेश और बिहार समेत अन्य राज्यों के थे।

सरकार एक्टिव

मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों से घायलों को अस्पताल पहुंचाने और उन्हें आवश्यक उपचार मुहैया कराने को कहा। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि रेड्डी ने राजस्व, पुलिस, अग्निशमन, श्रम, उद्योग और स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों को घटनास्थल पर रहने और राहत उपायों का समन्वय करने का निर्देश दिया। विपक्षी दल भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामा राव ने विस्फोट में श्रमिकों की मौत पर शोक व्यक्त किया और राज्य सरकार से तत्काल सुरक्षा ऑडिट कराने तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी औद्योगिक क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन योजनाओं की समीक्षा करने की अपील की।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article