देश

Exclusive: देर-सवेर खरगे भी डुबकी लगाने जरूर आएंंगे, जानिए सीएम योगी ने नवभारत का महाकुंभ पर क्या-क्या कहा

सीएम योगी ने कहा, आज भी आपको प्रयागराज में जो भी नजर आ रहा है, चाहे बात सुरक्षा की हो या व्यवस्था की, यह नरेंद्र मोदी जी के विजन का परिणाम है। जानिए सीएम योगी ने क्या-क्या कहा।

Image

टाइम्स नाउ नवभारत पर सीएम योगी

Yogi Adityanath Exclusive Interview: टाइम्स नाउ नवभारत के मंच पर उत्तर प्रदेश के सियासी दिग्गज शामिल हो रहे हैं। खास तौर पर इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे हैं। टाइम्स नाउ और टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर-इन-चीफ नविका कुमार से खास बातचीत में सीएम योगी ने महाकुंभ की व्यवस्थाओं और आयोजन को लेकर हर एक बात बताई। महाकुंभ के इंतजामों पर सीएम योगी ने कहा कि यह हमारे जीवन का अदभुत क्षण है। हमारा सौभाग्य है कि पूरे आयोजन से हमें जुड़ने का सौभाग्य मिला है।

नरेंद्र मोदी के विजन का परिणाम

सीएम योगी ने कहा, आज भी आपको प्रयागराज में जो भी नजर आ रहा है, चाहे बात सुरक्षा की हो या व्यवस्था की, यह नरेंद्र मोदी जी के विजन का परिणाम है। उनके विजन को जमीनी धरातल पर उतारा गया है, हम इसे प्रभावी रूप से आगे बढ़ा रहे हैं। अब तक 15 करोड़ से अधिक लोग स्नान कर चुके हैं। मेरा अनुमान है कि यह अगले 30 दिनों तक आयोजन चलना है और जितने श्रद्धालु आएंगे, वह दुनिया की तीसरी बड़ी आबादी के रूप में होगी।

नए उत्तर प्रदेश को लोग याद करेंगे

सीएम ने कहा कि कुंभ को 26 फरवरी को विराम मिलेगा। इस प्रयागराज कुंभ को एक नए भारत के नए उत्तर प्रदेश के लिए लोग याद करेंगे। ये कार्य किसी कॉम्लिमेंट के लिए नहीं होते। ये हमारी आस्था है। जो लोग भारत की आस्था को सम्मान नहीं देते थे, वोट बैंक की तुष्टिकरण की नीति के लिए लोग बदनाम रहते थे, वो लोग भी त्रिवेणी के महासंगम में डुबकी लगा रहे हैं। ये हार और जीत का प्रश्न नहीं है। ये आयोजन साबित करता है कि सनातन पहले भी था, आज भी है, आगे भी रहेगा।

कैबिनेट के साथ डुबकी

कैबिनेट के साथ डुबकी लगाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जाकी रही भावना जैसी प्रभु मूरत देखी तिन तैसी, जिन्होंने कभी भारतीय आस्था को कभी सम्मान नहीं दिया, उनसे अपेक्षा करना कि वह सनातन धर्म की आस्था को सम्मान देंगे, मुझे लगता है कि यह एक गलतफहमी होगी और हम यह गलतफहमी कभी पालते नहीं है।

खरेग भी लगाएंगे डुबकी

वहीं, इस सवाल पर कि खरगे गंगा में डुबकी लगाने से किन पापों के मिटने की बात कर रहे हैं, सीएम योगी ने कहा- खरगे बुजुर्ग नेता हैं और कांग्रेस अध्यक्ष हैं। देर-सवेर वे भी डुबकी लगाने आएंगे जरूर, लेकिन खीझ को मिटाने के लिए ऐसा कह रहे हैं। जब उम्र बढ़ती है तो व्यक्ति सच की ओर बढ़ता है, उन्हें यह सच भी उजागर करना चाहिए कि उनके परिवार के साथ हैदराबाद के निजामों ने क्या किया था। इस सच्चाई को जिस दिन वह जनता के सामने बोलेंगे उस दिन संभल की सच्चाई को स्वीकार कर लेंगे। अपने परिवार के साथ हुई घटना को राजनीतिक लक्ष्य के आगे कमतर करना चाहते हैं।

इंडोनेशिया राम को अपना पूर्वज मानता है...

टाइम्स नाउ नवभारत के कार्यक्रम नवभारत के महाकुंभ में उत्तर प्रदेश के सीएम योगी ने खरी-खरी बात कहते हुए भारत के अल्पसंख्यकों को अपने पूर्वजों पर गर्व करने की सलाह दी। इस सवाल पर कि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति खुलकर कहते हैं कि मेरा डीएनए भारतीय है, उन्हें तो कोई संकोच नहीं हुआ, लेकिन भारत में ऐसा क्यों नहीं है। इस पर सीएम योगी ने कहा, यही तो सच्चाई है, इंडोनोशिया सबसे बड़ा मुस्लिम देश है। राष्ट्रपति का नाम विशुद्ध संस्कृत है, लेकिन उपासना पद्धति मुस्लिम है। इंडोनेशिया राम को अपना पूर्वज मानता है, गरुड़ उनकी नेशनल एयरलाइंस है, गणपति उनके करेंसी का हिस्सा है और रामलीला उनका राष्ट्रीय त्योहार है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article