देश

ET Now Global Business Summit 2024: INDIA vs NDA नहीं, ये चुनाव घोर निराशा और उज्ज्वल भविष्य के बीच है - अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ET Now Global Business Summit 2024 में बताया कि लोकसभा चुनाव 2024 NDA बनाम INDIA नहीं हैं, बल्कि भ्रष्टाचार से युक्त शासन और करप्शन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस रखने वालों के बीच है। जानिए वरिष्ठ भाजपा नेता ने और क्या कुछ कहा...

Image

अमित शाह ने बताया क्यों यह चुनाव NDA बनाम INDIA नहीं है

ET Now Global Business Summit 2024: केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह (Amit Shah) ने ईटी नाउ ग्लोबल बिजनेस समिट में अपनी सरकार और पार्टी की नीतियों को सबसे सामने बखूबी रखा। उन्होंने गठबंधन की राजनीति से लेकर देश की सुरक्षा तक और आधुनिक क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (Criminal Justice System) तक पर बेबाकी से अपनी बात रखी। उन्होंने बातों-बातों में कांग्रेस और उनके वरिष्ठ नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की नीतियों की आलोचना भी की। इसी दौरान ग्रुप एडिटर इन चीफ, टाइम्स नाउ नवभारत एंड टाइम्स नाउ नाविका कुमार ने उनसे लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर भी प्रश्न किया. जानिए अमित शाह ने लोकसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन INDIA और भाजपा ने नेतृत्व वाले NDA गठबंधन में टक्कर को लेकर क्या जवाब दिया।

अमित शाह से प्रश्न पूछा गया था कि क्या यह चुनाव (Loksabha Election 2024) NDA बनाम INDIA गठबंधन है? क्या INDIA गठबंधन की सभी पार्टियां मिलकर आपको टक्कर दे पाएंगी, जिस तरह से उन्होंने शुरू किया था? इस पर अमित शाह ने एक लंबी लकीर खीचते हुए और विपक्षी गठबंधन को निराशा का पर्याय बताते हुए कहा कि यह चुनाव NDA बनाम INDIA गठबंधन नहीं है। यह चुनाव घोर निराशा और उज्ज्वल भविष्य के बीच में है।

विपक्षी गठबंधन को भ्रष्टाचारी गंठबंधन बताया

अमित शाह निराशा और उज्ज्वल भविष्य तक ही नहीं रुके। उन्होंने विपक्षी गठबंधन विशेषतौर पर बार-बार कांग्रेस का नाम भ्रष्टाचार से जोड़कर और उनके शासन काल में सामने आए भ्रष्टाचार के मामलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव भ्रष्टाचार से युक्त शासन और करप्शन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस रखने वालों के बीच है।

'हमारी पॉलिसी टेररिज्म खत्म करने की'

केंद्रीय गृहमंत्री ने बकायदा आंकड़े गिनाते हुए बताया कि साल 2014 से पहले देश में तीन अशांत क्षेत्र थे। यह क्षेत्र जम्मू-कश्मीर, वामपंथी नक्सलवाद और उत्तर-पूर्वी राज्य थे। उन्होंने बताया कि आज इन तीनों जगह कुल मिलाकर 70 फीसद तक हिंसा खत्म हो चुकी है। लोकसभा चुनाव 2024 के संबंध में उन्होंने कहा कि यह चुनाव आतंकवाद के साथ बातचीत करने की पॉलिसी वालों और टेररिज्म को खत्म करने की पॉलिसी वालों के बीच में है।

'गरीबी हटाओ के नाम पर वोट लेने वालों से मुकाबला है'

अमित शाह ने कहा कि यह चुनाव देश की सुरक्षा को चाक चौबंध रखने वाले दलों के बीच में और फॉरेन पॉलिसी की आड़ में देश की सुरक्षा के साथ कोताही बरतने वालों के बीच में है। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि यह चुनाव देश के 80 करोड़ गरीबों के जीवन में पूरी सुविधा 10 साल अंदर देकर उनको भारत के विकास के साथ जोड़ने वालों और गरीबी हटाओ के नारे देने के नाम पर वोट लेने वालों के बीच में है।

'हमारा कल्चर, हमारी परंपराएं और हमारी भाषाएं नए भारत की नींव'

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि यह चुनाव आइडियोलॉजी के साथ जुड़ा हुआ है। यह चुनाव देश के भविष्य के साथ जुड़ा हुआ है और यह चुनाव भारत के आने वाले दिनों के एजेंडा के साथ जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा, विपक्ष कितना भी कंफ्यूजन फैलाने की प्रयास करे, देश की जनता ने अपना एजेंडा तय कर दिया है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आने वाले दिनों में 2037 में पूर्ण विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत का सृजन करना है, जिस भारत की नई हमारे कल्चर, हमारी परंपराएं और हमारी भाषाओं के साथ हो।
Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article