देश

'प्रवेश-निकास दोनों गेट की आतंकियों ने कर ली थी घेरेबंदी, फिर बरसाईं गोलियां', पहलगाम नरसंहार पर पीड़ितों की गवाही

Pahalgam Terrorist Attack : रिपोर्ट के मुताबिक प्रवेश द्वार पर आतंकवादियों ने पर्यटकों को एक जगह एकत्र किया और महिलाओं से कहा कि वे पुरुषों से दूर चली जाएं लेकिन लोग इसके लिए तैयार नहीं हुए। इसके बाद आतंकियों ने हिंदुओं से मुस्लिमों से दूर खड़े होने के लिए कहा। इस बार भी लोगों ने उनकी बात मानने से इंकार किया।

Image

पहलगाम में 22 अप्रैल को हुआ आतंकवादी हमला।

Pahalgam Terrorist Attack : पहलगाम आतंकवादी हमले के वक्त क्या हुआ था, आतंकियों ने कैसे 26 लोगों की जान ली, इस बारे में हमले को अपनी आंखों से देखने और खौफ को महसूस करने वाले लोगों ने जांच एजेंसियों को बताया है। रिपोर्टों के मुताबिक 22 अप्रैल को हुए इस हमले के पीड़ितों एवं प्रत्यक्षदर्शियों ने जांच एजेंसियों को दिए अपने बयान में कहा है कि पर्यटकों को बैसरन घाटी से निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा था क्योंकि आतंकियों ने प्रवेश और निकास द्वारा दोनों की घेरेबंदी कर दी थी। रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि इस हमले को चार आतंकवादियों ने अंजाम दिया।

हमले के वक्त जंगल में छिपा रहा होगा चौथा आतंकवादी

इनमें से दो आतंकवादी प्रवेश द्वार से आए और एक आतंकवादी निकास द्वार पर मौजूद था। जांच एजेंसियों का मानना है कि चौथा आतंकवादी कवर फायर देने के लिए शायद जंगल में छिपा होगा। इनमें से तीन आतंकवादियों ने गोलीबारी की। इनमें से दो आतंकवादी सेना जैसी वर्दी पहने हुए थे। जबकि तीसरा आतंकवादी कश्मीरी फेरन पहने हुए था। पीड़ितों का कहना है कि आतंकवादी पर्यटकों के पास पहुंचे उनसे कलमा पढ़ने के लिए कहा। फिर उनका नाम और धर्म पूछकर गोली मार दी। इस हमले में 25 पर्यटकों और एक स्थानीय नागरिक की जान गई।

महिलाओं को पुरुषों से दूर जाने के लिए कहा

रिपोर्ट के मुताबिक प्रवेश द्वार पर आतंकवादियों ने पर्यटकों को एक जगह एकत्र किया और महिलाओं से कहा कि वे पुरुषों से दूर चली जाएं लेकिन लोग इसके लिए तैयार नहीं हुए। इसके बाद आतंकियों ने हिंदुओं से मुस्लिमों से दूर खड़े होने के लिए कहा। इस बार भी लोगों ने उनकी बात मानने से इंकार किया। इसके बाद आतंकियों ने पुरुषों से कलमा पढ़ने के लिए कहा और फिर गोलीबारी करने लगे। आतंकवादियों ने सबसे पहले नौसेना के अधिकारी विनय नरवाल को गोली मारी। लोगों की सबसे ज्यादा मौत भेलपूड़ी और चाय की दुकान के पास हुई क्योंकि यहां लोग ज्यादा मात्रा में जुटे थे। लोगों की जान लेने के बाद आतंकवादी दीवार कूदकर पार्क की तरफ से जंगल में भाग गए।

बुधवार को होगी कैबिनेट की बैठक

पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल की पहली बैठक बुधवार को होगी। पीएम मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे बैठक बुलाई गई है। पिछले सप्ताह केंद्रीय मंत्रिमंडल की कोई बैठक नहीं हुई और केवल सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीएस) की बैठक 23 अप्रैल को हुई थी जिसमें पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की गई थी। सीसीएस की बैठक के बाद भारत ने पिछले बुधवार को पाकिस्तान के साथ राजनयिक संबंधों को कम करने समेत कई कदमों की घोषणा की थी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article