देश

जम्मू-कश्मीर के त्राल में आतंकियों से मुठभेड़, सुरक्षाबलों ने तीन दहशतगर्दों को किया ढेर

जम्मू-कश्मीर के त्राल में सुरक्षाबलों के साथ आतंकियों से मुठभेड़ हुई है। पुलिस और सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन जारी है।

Image

त्राल में आतंकियों से मुठभेड़ (File photo)

Photo : ANI

Encounter In Tral: जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में बृहस्पतिवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के अवंतीपुरा के नादेर त्राल इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सटीक सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया।

उन्होंने बताया कि तलाश अभियान के दौरान छिपे हुए आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारी ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में तीन आतंकवादी मारे गए। आतंकवादियों की पहचान और उनके संगठन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार, इलाके में तलाश अभियान अब भी जारी है।

शोपियां में आतंकी शाहिद कुट्टे ढेर

इससे पहले 13 मई को जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी जिसमें तीन आतंकियों को ढेर कर दिया गया था। इनमें से एक शाहिद अहमद कुट्टे था जिसका घर पहलगाम हमले के बाद विस्फोट से उड़ा दिया गया था। शाहिद लश्कर का कमांडर था। उसके साथ दो और पाकिस्तानी आतंकी भी ढेर कर दिए गए थे।

आतंकवादियों में से एक की पहचान शाहिद कुट्टे के रूप में हुई, जो मोहम्मद यूसुफ कुट्टे का बेटा था और शोपियां के चोटीपोरा हीरपोरा का निवासी था। वह एक लश्कर ऑपरेटिव था जो 8 अप्रैल, 2024 को श्रीनगर में डेनिश रिसॉर्ट में गोलीबारी की घटना में शामिल था, जिसमें दो जर्मन पर्यटक और एक ड्राइवर घायल हो गए थे। 8 मार्च, 2023 को आतंकी संगठन में शामिल हुआ। कुट्टे 18 मई, 2024 को हीरपोरा में भाजपा सरपंच की हत्या में शामिल था और 3 फरवरी, 2025 को कुलगाम के बेहीबाग में प्रादेशिक सेना के कर्मियों की हत्या में संदिग्ध रूप से शामिल था।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!