देश

छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षा बलों ने 16 नक्सलियों को किया ढेर, 2 जवान जख्मी, DRG-CRPF ने मिलकर ऑपरेशन को दिया अंजाम

मुठभेड़ केरलापाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक जंगल में हुई, जहां सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी।

Image

सुकमा में 16 नक्सली ढेर

Photo : ANI

Encounter breaks out in Sukma: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 16 माओवादियों को मार गिराया है। इस घटना में दो जवान घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुकमा जिले के केरलापाल थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 16 माओवादियों को मार गिराया है। उन्होंने बताया कि केरलापाल थाना क्षेत्र में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पर शुक्रवार को सुकमा जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था।

16 नक्सली ढेर

अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान आज सुबह से सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच रूक-रूक कर मुठभेड़ हुई। सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से अभी तक 16 माओवादियों का शव बरामद किया है। इस घटना में दो जवान घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल और आस-पास के क्षेत्रों में सुरक्षाबलों द्वारा खोजी अभियान जारी है। अभियान की मॉनीटरिंग कर रहे हैं सुकमा एसपी ने कहा कि सुरक्षा बलों का सर्चिंग अभियान अभी भी जारी है। मौके के लिए डीआरजी और सीआरपीएफ का अतिरिक्त बल भेजा गया है।

भारी मात्रा में हथियार बरामद

मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में दो AK 47, एसएलआर, इंसास राइफल, .303 राइफल, रॉकेट लॉन्चर, बीजीएल लांचर समेत विस्फोटक पदार्थ बरामद हुए हैं। मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है। मुठभेड़ में डीआरजी के दो जवान घायल हुए हैं, घायल जवानों की हालत सामान्य है और खतरे से बाहर हैं।

अभियान में 1000 हजार से ज्यादा जवान

1 हजार से ज्यादा जवान इस ऑपरेशन को अंजाम दे रहे हैं। मौके के लिए अतिरिक्त फोर्स भी रवाना किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला रिजर्व गार्ड और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान केरलापाल क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर शुक्रवार रात को शुरू किए गए अभियान में शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। उन्होंने बताया कि विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article