देश

झारखंड के चाईबासा में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़, 2 नक्सली ढेर; सर्च ऑपरेशन जारी

Jharkhand Naxal Encounter: सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में मुठभेड़ हुई। दो नक्सली का शव बरामद किया गया है। कुछ और नक्सली घायल बताए जा रहे हैं।

Image

चाईबासा में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़

Photo : ANI

Chaibasa Naxal Encounter: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह पुलिस एवं सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो माओवादी नक्सली मारे गए हैं। इनमें एक महिला भी शामिल है। मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के कुछ हथियार और सामान बरामद किए गए हैं। चाईबासा के एसपी आशुतोष शेखर ने मुठभेड़ में दो नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है। इसके बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया है। मारे गए नक्सलियों की पहचान फिलहाल पुलिस ने आधिकारिक तौर पर उजागर नहीं की है, लेकिन इनमें से एक भाकपा माओवादी नक्सली संगठन का जोनल कमांडर संजय गंझू बताया जा रहा है।

सोनुआ थाना क्षेत्र के जंगल में नक्सलियों ने बना रखा था कैंप

बताया गया कि एसपी को सूचना मिली थी कि नक्सलियों के हथियारबंद दस्ते ने पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र के जंगल में कैंप कर रखा है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर जिला पुलिस बल एवं सीआरपीएफ ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान नक्सलियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाब में सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा लेकर फायरिंग की। इस दौरान गोली लगने से दो नक्सलियों की मौत हो गई। बाकी नक्सली घने जंगलों में भागने में सफल रहे।

ठीक आठ दिन पहले 22 जनवरी को बोकारो जिले के तेजनारायणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस एवं सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक पुरुष और एक महिला नक्सली मारे गए थे। मारे गए नक्सलियों की पहचान शांति और मनोज बास्के के रूप में हुई थी। शांति गिरिडीह जिले के खुखरा थाना क्षेत्र अंतर्गत धावाटांड गांव की रहने वाली थी। सीपीआई माओवादी नक्सली संगठन में शांति का ओहदा एरिया कमांडर का था। इस मुठभेड़ में मारा गया दूसरा नक्सली मनोज भी इसी जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र का निवासी था।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article