देश

Rajya Sabha Election: चुनाव आयोग ने राज्यसभा सीटों के लिए चुनावों की नामांकन प्रक्रिया शुरू की

कर्नाटक की चार राज्यसभा और सात विधान परिषद सीट पर चुनाव के लिए अधिसूचना सोमवार को जारी कर दी गई, जिसके तहत मतदान 18 जून को होगा। वहीं राजस्थान में राज्यसभा की तीन सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव की प्रकिया भी शुरू हो गई।

Image

राज्यसभा (फाइल फोटो)

राजस्थान में राज्यसभा की तीन सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव की प्रकिया सोमवार से शुरू हो गई। अधिकारियों के अनुसार, राज्यसभा के द्विवार्षिक निर्वाचन की प्रक्रिया राज्य में सोमवार से शुरू हो गई और राजस्थान से राज्यसभा के लिए तीन सदस्यों का निर्वाचन होना है।राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन आठ जून तक किये जा सकते है, नामांकन पत्रों की जांच नौ जून को होगी जबकि 11 जून तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।जरूरी होने पर मतदान 18 जून को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा जबकि मतगणना उसी दिन शाम पांच बजे शुरू होगी।चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक पूरी हो जाएगी।

राज्य से राज्यसभा के तीन सदस्यों का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है, जिसके मद्देनजर यह द्विवार्षिक चुनाव करवाया जाएगा।जिन सांसदों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है उनमें कांग्रेस के नीरज डांगी और भारतीय जनता पार्टी के राजेंद्र गहलोत व रवनीत सिंह हैं।राजस्थान में राज्यसभा की कुल 10 सीट हैं।

राजस्थान से फिलहाल भाजपा और कांग्रेस के पांच-पांच सदस्य हैं।राज्य की 200 सदस्यीय विधानसभा में पार्टियों की मौजूदा स्थिति को देखते हुए भाजपा के तीन में से दो सीट जीतने की उम्मीद है जबकि कांग्रेस को एक सीट मिलने की संभावना है।राज्य विधानसभा में भाजपा के 118 विधायक और कांग्रेस के 67 सदस्य हैं। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी के दो विधायक, भारत आदिवासी पार्टी के चार विधायक, राष्ट्रीय लोक दल का एक विधायक है। सदन में आठ निर्दलीय विधायक भी हैं।

कर्नाटक में चार राज्यसभा और सात विधान परिषद सीट पर चुनाव

कर्नाटक की चार राज्यसभा और सात विधान परिषद सीट पर चुनाव के लिए अधिसूचना सोमवार को जारी कर दी गई, जिसके तहत मतदान 18 जून को होगा।कर्नाटक विधानसभा के सदस्य ’विधान सौध’ में इन चुनावों के लिए मतदान करेंगे।राज्यसभा सदस्य के रूप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इरन्ना कडाडी और नारायण कोरगप्पा, कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खरगे तथा जनता दल (सेक्युलर) के एचडी देवेगौड़ा का कार्यकाल 25 जून को समाप्त होने वाला है, जिसके मद्देनजर इन चार सीट पर चुनाव कराए जा रहे हैं।

वहीं, विधान परिषद के चुनाव इसलिए कराए जा रहे हैं, क्योंकि विधायकों की ओर से चुने गए सात विधान परिषद सदस्यों का कार्यकाल 30 जून को समाप्त होने वाला है। इनमें कांग्रेस के गोविंद राजू, नसीर अहमद, तिप्पन्नप्पा और बीके हरिप्रसाद तथा भाजपा के एन नागराजू (एमटीबी), प्रताप सिम्हा नायक के. एवं सुनील वल्ल्यापुर शामिल हैं।राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि आठ जून है। नामांकन पत्रों की जांच नौ जून को की जाएगी।वहीं, उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून है। मतगणना 18 जून को ही मतदान की समाप्ति के बाद की जाएगी।

झारखंड में राज्यसभा की दो सीट पर चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया

झारखंड की राज्यसभा की दो सीट पर होने वाले चुनाव की नामांकन प्रक्रिया सोमवार को अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू हो गई।मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि आठ जून है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच नौ जून को की जाएगी।कुमार ने संवाददाताओं से कहा, "यदि दो से अधिक उम्मीदवार हुए, तो 18 जून को मतदान कराया जाएगा।"उन्होंने कहा कि नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून है।

झारखंड विधानसभा के एक अधिकारी ने बताया कि प्रक्रिया के पहले दिन कोई भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया गया।राज्यसभा की एक सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बाद रिक्त हुई थी, जबकि भाजपा सदस्य दीपक प्रकाश का छह वर्ष का कार्यकाल 21 जून को पूरा होने वाला है।

भाजपा पहले ही घोषणा कर चुकी है कि वह दो सीट में से एक पर अपना उम्मीदवार उतारेगी, जबकि कांग्रेस ने भी एक सीट पर अपना दावा जताया है। झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के 24 विधायक हैं, जिनमें भाजपा के 21 तथा लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास), ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन और जनता दल (यूनाइटेड) के एक-एक विधायक शामिल हैं। ’इंडिया’ गठबंधन के 56 सदस्य हैं, जिनमें झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के चार और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिब्रेशन के दो विधायक शामिल हैं। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का एक विधायक है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article