Madan Mitra: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के विधायकों पर आफत का सिलसिला जारी है। अब लोगों के गुस्से का शिकार बने हैं टीएमसी विधायक मदन मित्रा। शनिवार को बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के कमरहटी निर्वाचन क्षेत्र से विधायक मित्रा पर कथित तौर पर अंडे फेंके गए। एक वीडियो सामने आया है जिसमें युवाओं का एक समूह विधायक की कार का पीछा करते हुए और उन पर अंडे फेंकते हुए दिखाई दे रहा है। हालांकि, कार के शीशे बंद थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: एक महीने में 215 से 20: ममता के सियासी साम्राज्य का कैसे हुआ हैरतअंगेज पतन
अरियादाहा इलाके की घटना
यह घटना शनिवार रात उनके निर्वाचन क्षेत्र के अरियादाहा इलाके में घटी। मित्रा जब पार्टी के कार्यक्रम में भाग लेने के बाद लौट रहे थे, तब उन्हें इस प्रदर्शन का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने 'चोर चोर' के नारे लगाए। मित्रा ने कहा, किशोर संघ के ठीक सामने से मेरी कार पर एक बार फिर हिंसक हमला किया गया। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर कर दिया गया। और फिर भी आप कहते हैं कि उन्होंने अंडे फेंके? क्या अंडे फेंकने से इनोवा की खिड़की टूट सकती है? क्या आपको शर्म नहीं आती? जाओ, ये अंडे ले लो और उन्हें बाहर भीख मांगने वाले कटोरे लिए बैठे सड़क विक्रेताओं को दे दो। सब कुछ सामने आ जाएगा।
कहा-जानलेवा हमला विफल हो गया
मित्रा ने कहा, हमने सीसीटीवी में सब कुछ रिकॉर्ड कर लिया है। अब, जब उन्हें पता चला कि कार भाग गई है और मैं अंदर नहीं था, तो वे तुरंत समझ गए कि हत्या की योजना, जानलेवा हमला, विफल हो गया है। अब किसी भी क्षण खबर में यह आएगा कि मदन मित्रा की जान लेने की कोशिश की गई थी। तुरंत ही कामरहाटी से आया वह गुंडा गिरोह पीछे हट गया। उनकी जगह कुछ स्थानीय भाजपा के लड़के मौके पर आ गए।
अभिषेक बनर्जी भी बने थे निशाना
इससे पहले 30 मई को पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा था। यहां उन पर स्थानीय लोगों ने तब हमला किया, जब वे चुनावी हिंसा के पीड़ितों के परिवारों से मिलने सोनारपुर गए थे। इस दौरान, लोगों ने टीएमसी सांसद पर लोगों ने पत्थर, जूते और अंडे भी फेंके। साथ ही उन पर लात-घूंसे बरसाने की कोशिश भी की। इस दौरान नाराज लोगों ने अभिषेक बनर्जी के खिलाफ 'चोर-चोर' के नारे भी लगाए।
बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद अभिषेक बनर्जी पहली बार इस तरह से किसी से सार्वजनिक रूप से मिलने जा रहे थे। शुक्रवार रात को ही इस बारे में ऐलान किया गया था कि अभिषेक बनर्जी शनिवार को सोनारपुर नगरपालिका इलाके के वार्ड नंबर नौ में विवेकानंदनगर इलाके में चुनावी हिंसा के शिकार संजू कर्मकार के परिवार से मिलने जाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जैसे ही अभिषेक बनर्जी अपनी गाड़ी से बाहर निकले, लोगों ने चोर-चोर के नारे लगाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी हाथों में अंडे लेकर उनके विरोध के लिए इकट्ठी हुईं थीं। इस दौरान लोगों ने सवाल किया कि वे यहां क्या करने आए हैं, जब आरजीकर में डॉक्टर के साथ रेप और हत्या हुई तब वे क्यों नहीं आए?
