देश

माफिया के चंगुल में आ चुकी है शिक्षा व्यवस्था, NEET पेपर लीक को लेकर केंद्र पर बरसे केजरीवाल

NEET Paper Leak: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार की जमकर आलोचना की और कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था माफिया के चंगुल में आ चुकी है।

Image

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (फाइल फोटो)

NEET Paper Leak: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक को लेकर केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए शनिवार को कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था ''माफिया के चंगुल'' में आ चुकी है।

भारतीय वायु सेना द्वारा राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) परीक्षा के प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए जाने संबंधी खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार का प्रश्नपत्र लीक मामले की तह तक जाने का कोई इरादा नहीं है, बल्कि वह इस तरह की नौटंकी कर रही है।

केंद्र सरकार पर बरसे केजरीवाल

केजरीवाल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''नीट में प्रश्नपत्र लीक होने से रोकने के लिए वायु सेना का इस्तेमाल किया जाएगा। क्या इससे प्रश्नपत्र लीक होना रुकेगा? कैसे अनपढ़ों जैसी बात कर रही है हमारी सरकार? इनकी नीयत ही नहीं है प्रश्नपत्र लीक होने से रोकने की। देश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह माफिया के चंगुल में आ चुकी है।''

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने एक वीडियो संदेश में कहा कि इसे ठीक करना है, तो सभी को मिलकर कुछ करना होगा। उन्होंने कहा, ''यह सिर्फ अकेले किसी के कुछ करने से नहीं होगा।'' उन्होंने कहा कि देश को एक शिक्षित प्रधानमंत्री की जरूरत है।

CUET-UG परीक्षा में आई तकनीकी समस्या

इससे पहले, केजरीवाल ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG) 2026 में हुई तकनीकी समस्याओं को लेकर पीएम मोदी पर भी तंज कसा। केजरीवाल की यह टिप्पणी तब आई, जब शुक्रवार को देशभर के कई CUET केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ियों के कारण परीक्षाओं में देरी होने की खबरें सामने आईं, जिससे छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई।

केजरीवाल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "देश को एक पढ़े-लिखे प्रधानमंत्री की ज़रूरत है।" उन्होंने यह बात आम आदमी पार्टी नेता आतिशी के एक पोस्ट का जवाब देते हुए कही, जिसमें उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक परीक्षा केंद्र पर छात्रों को हो रही समस्याओं को उजागर किया गया था।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article