Arvind Kejriwal: शराब नीति मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आज प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेश होना है। हालांकि, इस पेशी से पहले उन्होंने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। अरविंद केजरीवाल ने ईडी के समन को ही अवैध बता दिया है। उन्होंने कहा है कि यह नोटिस अवैध है और राजनीति से प्रेरित है।
अरविंद केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा है कि समन नोटिस अवैध और राजनीति से प्रेरित है। नोटिस बीजेपी के इशारे पर भेजा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नोटिस यह सुनिश्चित करने के लिए भेजा गया है कि मैं चार राज्यों में चुनाव प्रचार न कर पाऊं। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि ईडी को इस नोटिस को तुरंत वापस लेना चाहिए।
पूछताछ से पहले राजघाट जा सकते हैं केजरीवाल
जानकारी के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल ईडी के सामने पेश होने से पहले राजघाट जा सकते हैं। पूछताछ के चलते पूरी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। विशेष तौर ईडी दफ्तर के बाहर भारी सुरक्षा तैनात की गई है। बता दें, इस मामले में मनीष सिसोदिया, संजय सिंह को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। ये दोनों भी पूछताछ से पहले राजघाट पहुंचे थे।
राजकुमार आनंद के घर ईडी का छापा
अरविंद केजरीवाल से पूछताछ से पहले ईडी ने आम आदमी पार्टी पर और शिकंजा कसा है। दिल्ली के मंत्री राजकुमार आनंद के घर ईडी ने सुबह-सुबह छापेमारी की है। जानकारी के मुताबिक, आनंद से जुड़े 9 ठिकनों पर ईडी तलाशी ले रही है। कहा जा रहा है कि ईडी की यह छापेमारी भी दिल्ली के शराब घोटाले से जुड़ी है। इससे पहले ईडी ने आप विधायक कुलवंत सिंह के मोहाली स्थित आवास पर भी छापेमारी की थी।
