Hemant Soren : जमीन घोटाले से जुड़े मनीलॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन प्रवर्तन निदेशालय (ED) के रडार पर हैं। मामले में उनसे पूछताछ करने के लिए बुधवार को ईडी के अधिकारियों की एक बड़ी टीम उनके आवास पहुंची। बताया जा रहा है कि ईडी की टीम बुधवार दोपहर एक बजे कांके रोड स्थित सीएम आवास पहुंची। ईडी के अधिकारी और कर्मचारी दस वाहनों में सवार होकर सीएम आवास पहुंचे हैं।
ईडी की टीम के साथ सीआईएसएफ के जवान भी हैं। सीएम आवास में पहुंचने के बाद ईडी के अधिकारियों ने सीएम से पूछताछ शुरू कर दी है। ईडी ने कुछ दिनों पहले सोरेन को पेश होने के लिए 10वां समन जारी किया था। यह पता चलने पर कि हेमंत दिल्ली आए हैं, ईडी के अधिकारी गत सोमवार को उनके इस आवास पहुंचे लेकिन अधिकारियों के पहुंचने से पहले झारखंड के सीएम वहां से निकल चुके थे।
मंगलवार दोपहर वह रांची पहुंचे और अपनी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के विधायकों के साथ बैठक की। चर्चा यह भी है कि मामले में गिरफ्तार होने पर वह अपनी पत्नी कल्पना सोरेन को सीएम बना सकते हैं।
‘मैं आपके दिलों में रहता हूं’
रांची पहुंचने पर संवाददाताओं ने जब सोरेन से पूछा कि वह कहां थे, तो उन्होंने कहा, ‘मैं आपके दिलों में रहता हूं।’ सोरेन 27 जनवरी की रात को नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। इसके बाद उनका अता-पता नहीं होने के दावे किये जा रहे थे, लेकिन वह सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात को रांची में अपने सरकारी आवास पर पहुंचे। उन्होंने अपने आवास पर विधायकों और मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी उपस्थित थीं।
दिल्ली में करीब 13 घंटे तक डेरा डाले रहे अधिकारी
ईडी को भेजे एक ईमेल में सोरेन ने झारखंड में एक कथित भूमि सौदे से जुड़े धनशोधन मामले में अपना बयान 31 जनवरी को अपराह्न एक बजे अपने आवास पर दर्ज कराने पर सहमति जताई है। इस बीच, ईडी के अधिकारी सोमवार को दक्षिण दिल्ली में झामुमो नेता सोरेन के शांति निकेतन स्थित आवास पर पहुंचे और वहां करीब 13 घंटे तक डेरा डाले रहे। उन्होंने बताया कि ईडी ने वहां से 36 लाख रुपए, एक एसयूवी गाड़ी और कुछ दस्तावेज जब्त किए हैं।
