देश

पश्चिम बंगाल कोयला घोटाला मामले में ED का बड़ा एक्शन, I-PAC निदेशक को किया गिरफ्तार

Coal Scam Case: प्रवर्तन निदेशालय ने पश्चिम बंगाल में कथित कोयला घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में राजनीतिक परामर्श फर्म आई-पैक के निदेशक और सह-संस्थापक विनेश चंदेल को सोमवार को गिरफ्तार किया।

Image

प्रवर्तन निदेशालय (फाइल फोटो)

Coal Scam Case: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में कथित कोयला घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में बड़ी कार्रवाई की है। बता दें कि ईडी ने धन शोधन मामले में राजनीतिक परामर्श फर्म आई-पैक के निदेशक और सह-संस्थापक विनेश चंदेल को सोमवार को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि चंदेल को दिल्ली में धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के प्रावधानों के तहत हिरासत में लिया गया था।

इससे पहले दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई में कई ठिकानों पर छापेमारी भी हो चुकी है। मामला CBI की 2020 की FIR से जुड़ा है, जिसमें बहु-करोड़ रुपये के कोयला तस्करी घोटाले का आरोप है।

ED ने कहां-कहां की छापेमारी?

दिल्ली में चंदेल के परिसर के अलावा, बेंगलुरु में आई-पैक के एक अन्य सह-संस्थापक और निदेशक ऋषि राज सिंह के परिसर और मुंबई में आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व संचार प्रभारी विजय नायर के परिसर पर दो अप्रैल को ईडी द्वारा छापा मारा गया था।

ईडी ने आठ जनवरी को इस मामले में कार्रवाई करते हुए आई-पैक के कार्यालय और इसके संस्थापक व निदेशकों में से एक प्रतीक जैन के कोलकाता स्थित आवास पर छापेमारी की। मामले में तब विवाद शुरू हो गया था जब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच गईं।

क्या है पूरा मामला?

ईडी का मामला केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की नवंबर 2020 की प्राथमिकी पर आधारित है, जिसमें पश्चिम बंगाल के आसनसोल और उसके आसपास के कुनुस्तोरिया और काजोरा क्षेत्रों में स्थित ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की खदानों से संबंधित कई करोड़ रुपये के कोयला चोरी घोटाले का आरोप लगाया गया है।

ईडी ने एक बयान में कहा था कि इस कथित कोयला तस्करी गिरोह से जुड़े एक हवाला ऑपरेटर ने आई-पैक की पंजीकृत कंपनी इंडियन पीएसी कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड को करोड़ों रुपये के लेनदेन में सुविधा प्रदान की थी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article