Subhash Yadav Arrest: राजद सुप्रीमो व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के करीबी सुभाष यादव को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी देर रात हुई है। जानकारी के मुताबिक, ईडी ने सुभाष यादव के ठिकानों से करीब 2.5 करोड़ कैश व कई दस्तावेज बरामद किए हैं। जांच एजेंसी ने शनिवार को उनके आधा दर्जन से ज्यादा ठिकानों पर रेड मारी थी।
सुभाष यादव को ईडी ने किया गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक, सुभाष यादव की गिरफ्तारी देर रात पटना स्थित उनके आवास से की गई, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में पेश करने के बाद सोमवार को उन्हें पटना की बेउर जेल में शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। बता दें, ईडी ने यह कार्रवाई खनन मामले को लेकर की थी।
सुभाष यादव यादव परिवार से करीबी
सुभाष यादव को लालू परिवार का करीबी माना जाता है। यह भी आरोप है कि लालू यादव के रिश्तेदारों को फ्लैट व जमीन दिलाने में सुभाष यादव का ही हाथ रहा है। सुभाष यादव राजद के टिकट से लोकसभा का चुनाव भी लड़ चुके हैं। 2019 में उन्हें झारखंड के चतरा से टिकट दिया गया था हालांकि, वह हार गए। जानकारी के मुताबिक, पुलिस द्वारा दर्ज कुछ एफआईआर की जांच के दौरान ईडी सुभाष यादव तक पहुंची। ईडी की कार्रवाई से पहले आयकर विभाग की टीम भी सुभाष यादव के आवास पर छापेमारी कर चुकी है। जांच एजेंसी ने 2018 में रेड मारी थी।
कालेधन की वाशिंग मशीन- सुशील मोदी
उधर, सुभाष यादव की गिरफ्तारी के बाद बीजेपी नेता व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार मेादी ने लालू यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, सुभाष यादव जैसे दर्जन भर लोग लालू प्रसाद यादव के लिए कालेधन की वाशिंग मशीन हैं। उन्होंने कहा, बालू माफिया सुभाष यादव, अरुण यादव, भोला यादव, अबू दोजाना जैसी लोग लालू-राबड़ी परिवार के लिए वाशिंग मशीन का काम करते हैं। जब भी केंद्रीय एजेंसियां लालू परिवार की किसी वाशिंग मशीन पर हाथ रखती हैं, तो करोड़ों के कालेधन का पता चलता है।
