देश

ईडी का सोरेन को 10वां समन, कहा- 29 से 31 जनवरी के बीच हाजिर हों हम आएंगे CM आवास

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 27, 2024, 12:52 PM IST

Land Scam Case: ईडी की ओर से सोरेन को यह दसवां समन है। इसके पहले 22 जनवरी को उन्हें नवां समन भेजा गया था और 27 से 31 जनवरी के बीच पूछताछ के लिए समय तय करने को कहा गया था।

Image

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

Photo : BCCL

Land Scam Case: ईडी ने झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन को एक बार फिर समन भेजा है। उनसे यह बताने को कहा गया है कि वह 29 जनवरी से 31 जनवरी के बीच कब और किस स्थान पर पूछताछ के लिए उपलब्ध होंगे। एजेंसी ने सोरेन से कहा है कि समन पर अगर वे नहीं उपस्थित होते हैं तो उसकी टीम खुद उनके पास पहुंचेगी।

गौरतलब है कि रांची के बड़गाईं अंचल में करीब 8.46 एकड़ जमीन की खरीद-बिक्री में मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में ईडी ने सोरेन से 20 जनवरी को उनके आवास पर करीब सात घंटे तक पूछताछ की थी। एजेंसी इसी मामले में आगे कई और बिंदुओं पर पूछताछ करना चाहती है।

ईडी का 10वां समन

ईडी की ओर से सोरेन को यह दसवां समन है। इसके पहले 22 जनवरी को उन्हें नवां समन भेजा गया था और 27 से 31 जनवरी के बीच पूछताछ के लिए समय तय करने को कहा गया था। इसके जवाब में सोरेन ने 25 जनवरी को एजेंसी को पत्र लिखकर अपनी व्यस्तताओं का हवाला दिया था। सोरेन ने इस पत्र में यह स्पष्ट नहीं किया था कि वे पूछताछ के लिए कब उपलब्ध होंगे।

हो चुकी हैं कई गिरफ्तारियां

गौरतलब है कि बड़गाईं अंचल के जमीन घोटाले में ईडी आईएएस छवि रंजन सहित डेढ़ दर्जन लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में ईडी ने सोरेन को सबसे पहला समन भेजकर 14 अगस्त, 2023 को उपस्थित होने को कहा था। सोरेन ने इसपर लिखित जवाब दिया और समन को गैरकानूनी बताते हुए उपस्थित नहीं हुए थे। एजेंसी ने इसके बाद भी उन्हें समन भेजना जारी रखा। सोरेन ईडी के समन के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट भी गए, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली। आखिरकार ईडी के आठवें समन पर उन्होंने 20 जनवरी को पूछताछ के लिए उपलब्ध होने पर सहमति जताई थी और तब एजेंसी की टीम ने उनके आवास पहुंचकर पूछताछ की थी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article