देश

महाराष्ट्र और झारखंड में चुनाव तारीखों का ऐलान आज, 3.30 बजे चुनाव आयोग की प्रेस कांफ्रेंस में होगी घोषणा

हाल ही में जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद नतीजे आए हैं। अब चुनाव आयोग महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव कराने की तैयारी में जुट गया है।

Image

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार

EC to announce Maharashtra, Jharkhand polls: चुनाव आयोग आज महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव तारीखों का ऐलान करेगा। इसे लेकर 3.30 बजे चुनाव आयोग की प्रेस कांफ्रेंस होगी। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है जबकि झारखंड विधानसभा का कार्यकाल अगले साल पांच जनवरी को समाप्त होने वाला है। हाल ही में जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद नतीजे आए हैं। अब चुनाव आयोग महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव कराने की तैयारी में जुट गया है। दोनों ही राज्यों में सभी सियासी दल पहले से ही चुनाव तैयारियों में जुटे हुए हैं।

महाराष्ट्र चुनाव

महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त होने वाला है। महाराष्ट्र में पिछला विधानसभा चुनाव अक्टूबर 2019 में हुआ था। भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने सरकार बनाने के लिए बहुमत हासिल किया, लेकिन आंतरिक संघर्ष के कारण शिवसेना ने गठबंधन छोड़ दिया था। इसके बाद शिव सेना ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस के साथ एक नया गठबंधन महाविकास अघाड़ी बनाया। महा विकास अघाड़ी ने शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री बनने के साथ राज्य सरकार बनाई थी।

लेकिन 2022 के महाराष्ट्र राजनीतिक संकट के बाद शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने अपनी पार्टी के 40 विधायकों के साथ मिलकर भाजपा के साथ सरकार बनाई और राज्य के नए मुख्यमंत्री बने। 2023 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का अजीत पवार गुट भी सरकार में शामिल हो गया।

झारखंड चुनाव

पांचवीं झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को समाप्त होने वाला है। पिछला विधानसभा चुनाव नवंबर-दिसंबर 2019 में हुआ था। झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के गठबंधन ने राज्य सरकार बनाई, जिसमें हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री बने। इस बार भी यह गठबंधन साथ है और सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में ईसीआई के एक प्रतिनिधिमंडल ने 24 सितंबर को रांची में झारखंड में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए चुनावी तैयारियों की गहन समीक्षा की थी, जिसमें केंद्रीय और राज्य एजेंसियों को धन के इस्तेमाल को रोकने का निर्देश दिया गया था। 2019 के चुनाव में झारखंड में पांच चरणों में मतदान हुआ था, जबकि महाराष्ट्र में सिर्फ एक चरण में मतदान हुआ था।

तीन लोकसभा और 47 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के भी आसार

निर्वाचन आयोग दो विधानसभा चुनावों के अलावा, तीन लोकसभा और कम से कम 47 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की भी घोषणा कर सकता है, जो विभिन्न कारणों से रिक्त हैं। लोकसभा की जो तीन सीटें रिक्त हैं उनमें केरल में वायनाड, महाराष्ट्र में नांदेड़ और पश्चिम बंगाल में बशीरहाट सीट शामिल है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव में वायनाड और रायबरेली सीट से जीत दर्ज की थी। गांधी ने वायनाड सीट खाली कर दी थी और रायबरेली सीट को बरकरार रखा था। नांदेड़ सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले कांग्रेस सांसद वसंत चव्हाण और बशीरहाट सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले तृणमूल कांग्रेस के सांसद हाजी शेख नुरुल इस्लाम के हाल में निधन के बाद इन सीट पर चुनाव कराना आवश्यक हो गया है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article