Earthquake in Delhi-NCR: आज सुबह दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के तेज झटके आए जिससे लोगों में दहशत फैल गई। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता की 4.0 मापी गई और इसका केंद्र दिल्ली का धौलाकुंआ था।। 5 किमी. की गहराई पर सुबह 5.36 बजे भूकंप के झटके आए जिसने दिल्लीवासियों को दहशत में डाल दिया। दिल्ली के अलावा, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद में भी झटके महसूस किए गए। इस घटना में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
4.0 रही तीव्रता
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, सोमवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में रिक्टर पैमाने पर 4.0 तीव्रता का भूकंप आया, जो 5 किलोमीटर की गहराई पर था। सुबह 5:36 बजे तेज झटके महसूस किए गए। अचानक आए झटकों से लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। एनसीएस ने एक्स पर पोस्ट कर भूकंप की तीव्रता और समय की जानकारी दी.
घरों से बाहर भागे लोग
जैसे ही भूकंप के झटके महसूस हुए लोग घरों से बाहर आ गए। ऊंची बिल्डिंग में रहने वाले लोगों को अधिक तेज झटके महसूस हुए और लोग तुरंत ही बाहर निकल भागे। झटके काफी तेज थे इसलिए लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि इससे किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक विक्रेता अनीश ने कहा कि सब कुछ हिल रहा था...ग्राहक चिल्लाने लगे थे।
जैसे कोई ट्रेन जमीन के नीचे चल रही हो ...
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहे एक यात्री ने कहा, हमें ऐसा लगा जैसे कोई ट्रेन जमीन के नीचे चल रही हो...सब कुछ हिल रहा था। एक और यात्री ने कहा, यह कम समय के लिए था, लेकिन तीव्रता बहुत अधिक थी। ऐसा लगा जैसे कोई ट्रेन बहुत तेज गति से आई हो।
वहीं, गाजियाबाद के एक निवासी ने कहा, भूकंप बहुत तेज थे। मैंने पहले कभी ऐसा महसूस नहीं किया। पूरी इमारत हिल रही थी।
