Shimla Earthquake : हिमाचल प्रदेश के शिमला में शनिवार सुबह तड़के भूकंप के झटकों से लोग सहम गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.1 दर्ज की गई। हालांकि इस घटना में जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। भूकंप के ये झटके सुबह 4 बजकर 36 मिनट पर महसूस किए गए।
शिमला में भूकंप के झटके।
जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था भूकंप का केंद्र
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र शिमला में जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था। भूकंप के झटके करीब कुछ सेकंड तक महसूस किए गए। अचानक धरती हिलने से कई लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और खुले स्थानों पर पहुंच गए। झटके रुकने के कुछ देर बाद लोग अपने घरों में वापस।
छह अक्टूबर को दिल्ली में महसूस किए गए झटके
इससे पहले छह अक्टूबर को भारत में भूकंप के झटके महसूस किए गए। उत्तराखंड से लेकर दिल्ली एनसीआर तक उत्तर भारत के कई राज्यों में बीते सोमवार को देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। पहाड़ी राज्य के गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के कई इलाकों में लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। अचानक धरती हिलने से कई जगह लोग घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 मापी गई। भूकंप का केंद्र उत्तराखंड के चमोली जिले में जमीन से करीब 13 किलोमीटर नीचे बताया गया है।
असम में भी आया भूकंप
छह अक्टूबर को ही असम के नगांव जिले में मंगलवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 4.5 दर्ज की गई। भूकंप मंगलवार सुबह 4 बजकर 23 मिनट 47 सेकंड पर आया और इसका केंद्र जमीन से करीब 33 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप के झटके महसूस होने के बाद कुछ इलाकों में लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, अब तक इस भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
