Seema Haider News : यूपी एटीएस की पूछताछ खत्म होने के बाद पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर वापस ग्रेटर नोएडा के गांव रबूपुरा आ चुकी है। टाइम्स नाउ नवभारत के साथ खास बातचीत में सीमा ने कहा कि 'वह नेपाल से अवैध तरीके से भारत आई यही उसकी गलती है। वह जासूस नहीं है। अपने प्रेम के लिए वह पाकिस्तान से चलकर आई।' सीमा ने कहा कि वह लौटकर पाकिस्तान नहीं जाना चाहती। इस बीच, चैनल ने उस बस चालक से बात की जिस बस में सवार होकर सीमा अपने बच्चों के साथ ग्रेटर नोएडा पहुंची।
'उसे बस में चढ़ाने के लिए कोई नहीं आया'
बस के ड्राइवर राजू ने चैनल को बताया कि 'सीमा नेपाल में पोखरा से बस में सवार हुई। उसे बस में चढ़ाने के लिए कोई नहीं आया था। वह बच्चों के साथ टैक्सी से आई थी। उसने अपना टिकट पोखरा के किसी ट्रैवल एजेंट से बुक कराया था। पोखरा से चलने के बाद बस भैरहवां, नारायण घाट, आगरा और मथुरा में रुकी। वह बहुत अच्छी हिंदी बोलती है। उसने अपना नाम सीमा मारा ठाकुर और बच्चों के नाम प्रियंका, मुन्नी, राजा और परी बताए। जब वह पोखरा में चढ़ी तो उसके पास आधार कार्ड था।'
परी चौक पर रिसीव करने दो गाड़ियां आई थीं-बस चालक
ड्राइवर का कहना है कि परी चौक पर सीमा को रिसीव करने के लिए दो गाड़ियां आई थीं। बस में चढ़कर दो लोगों ने उसे रिसीव किया। बस के ड्राइवर का दावा है कि सीमा अपने बच्चों के साथ सीट नंबर 7,8,9 और 10 पर बैठी थी। सीमा के पास पहले से आधार कार्ड बने हुए थे। बस में सवार होने से पहले उसने अपना और अपने बच्चों का आधार कार्ड दिखाया था। नेपाल में बस में सवार होने से पहले व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित करने वाले वैध दस्तावेज दिखाने होते हैं। वैध दस्तावेज के बिना कोई भी बस में सवार नहीं हो सकता।
