BMD Interceptor Missile: भारत ने इंटरसेप्टर मिसाइल की दुनिया में एक और सफल कदम बढ़ा दिया है। भारत ने बीएमडी इंटरसेप्टर मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। इस मिसाइल टेस्ट की सफलता से चीन और पाकिस्तान जरूर सहम गए होंगे।
डीआरडीओ और नेवी ने किया टेस्ट
इस मिसाइल टेस्ट को ओडिशा के तट से अंजाम दिया गया। समुद्र आधारित अंत: वायुमंडलीय इंटरसेप्टर मिसाइल का पहला उड़ान परीक्षण सफल रहा है। रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) और भारतीय नौसेना (Navy) ने शुक्रवार को इस मिसाइल का सफल परीक्षण किया।
बीएमडी वाले देशों में शामिल हुआ भारत
इस टेस्ट की सफलता के साथ ही भारत उन देशों की लिस्ट में शामिल हो गया है, जिसके पास बीएमडी मिसाइल है। मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि परीक्षण का मकसद एक दुश्मन बैलिस्टिक मिसाइल के खतरे को भांपना और उसे बेअसर करना था। ताकि भारत को बीएमडी नौसेनिक क्षमता वाले देशों के कुलीन क्लब में शामिल किया जा सके। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पोत आधारित बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा (बीएमडी) क्षमताओं के सफल परीक्षण में शामिल डीआरडीओ, भारतीय नौसेना और अन्य इकाइयों को बधाई दी।
भारत का 'आयरन डोम'
इस मिसाइल को भारत का 'आयरन डोम' कहा जा रहा है। अभी तक आपने इजरायल के आयरन डोम के बारे में सुना होगा, जो दुश्मन की मिसाइलों और फाइटर जेटों को मार गिराता है, भारत भी इसी तरह की प्रोजेक्ट पर काम रहा है, इसी के तहत इस मिसाइल का निर्माण किया गया है। यह मिसाइल हवा में ही मिसाइल को ट्रैक करके उसे नष्ट करने की क्षमता रखती है।
