वक्फ कानून के विरोध में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद समेत कई इलाकों में हिंसा हो चुकी है। अब पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने शांति की अपील करते हुए कहा है कि शांति पूर्ण प्रदर्शन करना सबका अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में किसी को नहीं लेना चाहिए।
हिंसा पर क्या बोलीं ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा- "हर किसी को अनुमति लेकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है। लेकिन मैं सभी से अपील करती हूं कि वे चाहे कोई भी हों - कानून को अपने हाथ में न लें। हमारे पास कानून के संरक्षक हैं; हमें उन लोगों की जरूरत नहीं है जो कानून के बाहर काम करते हैं। इसलिए मैं अनुरोध करती हूं कि जब कोई आपको भड़काने की कोशिश करे, तो उसके झांसे में न आएं। जो लोग उकसावे के बीच भी अपना मन शांत रखते हैं, वही असली विजेता होते हैं। यही असली जीत है…"
ममता बनर्जी की शांति की अपील
आगे ममता बनर्जी ने कहा कि धर्म के साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहिए। धर्म का मतलब है भक्ति, स्नेह, मानवता, शांति, सौहार्द, संस्कृति, सद्भाव और एकता। इंसानों से प्यार करना किसी भी धर्म की सर्वोच्च अभिव्यक्तियों में से एक है। हम अकेले पैदा होते हैं और अकेले मरते हैं; तो लड़ाई क्यों? दंगे, युद्ध या अशांति क्यों? याद रखें, अगर हम लोगों से प्यार करते हैं तो हम सब कुछ जीत सकते हैं। लेकिन अगर हम खुद को अलग-थलग कर लेंगे, तो हम किसी को भी नहीं जीत पाएंगे। अगर किसी पर हमला होता है - चाहे वह उपेक्षित हो, उत्पीड़ित हो, वंचित हो, हाशिए पर हो या किसी भी धर्म से हो - हम सभी के साथ खड़े हैं।
मुर्शिदाबाद में भड़की थी हिंसा
बता दें कि वक्फ संशोधन अधिनियम को लेकर विरोध के बाद शुक्रवार और शनिवार को मुर्शिदाबाद के सूती, धुलियान और जंगीपुर सहित कुछ हिस्सों में हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए। विरोध-प्रदर्शन झड़पों में तब्दील हो गए, जिसमें कम से कम तीन लोग मारे गए और कई लोग घायल हो गए।
