DK Shivakumar Oath Ceremony: कर्नाटक की सियासत का सबसे बड़ा सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया है। कांग्रेस के 'ट्रबलशूटर' यानी संकटमोचक कहे जाने वाले दिग्गज नेता डीके शिवकुमार (DK Shivakumar) आज कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री (Chief Minister) के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेने जा रहे हैं। बेंगलुरु के कांतीरवा स्टेडियम में होने जा रहे इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डीके शिवकुमार के साथ उनका नया मंत्रिमंडल (कैबिनेट मंत्री) भी शपथ लेगा। डीके शिवकुमार ने कहा, 'तेरह मंत्री भी शपथ लेंगे।'
डिप्टी सीएम के नाम पर हुआ बड़ा 'खेला', दलित चेहरे को कमान!
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा और चौंकाने वाला मोड़ उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) के पद को लेकर आया है। सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस आलाकमान ने कर्नाटक में जातीय समीकरणों को साधने के लिए एक बड़ा मास्टरस्ट्रोक खेला है। वरिष्ठ दलित नेता डॉ. जी. परमेश्वर (G Parameshwara) को कर्नाटक का नया डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। जी. परमेश्वर का नाम आगे करके कांग्रेस ने राज्य के बड़े दलित वोट बैंक को एक बेहद मजबूत संदेश देने की कोशिश की है।
क्या गांधी परिवार होगा शामिल? सस्पेंस बरकरार
इस शपथ ग्रहण समारोह को लेकर दिल्ली से लेकर बेंगलुरु तक सियासी हलचल तेज है। सबसे बड़ा सवाल यह बना हुआ है कि क्या इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए गांधी परिवार (राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी) बेंगलुरु पहुंचेगा? हालांकि कांग्रेस के कई शीर्ष नेताओं और मुख्यमंत्रियों को न्योता भेजा गया है, लेकिन गांधी परिवार की मौजूदगी को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। माना जा रहा है कि यह समारोह विपक्ष की एकजुटता का एक बड़ा मंच भी बन सकता है।
कई दिनों के 'पावर स्ट्रगल' के बाद मिली कुर्सी
डीके शिवकुमार का मुख्यमंत्री बनना उनके राजनीतिक जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस को मिली प्रचंड जीत के बाद से ही मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर पार्टी के भीतर लंबा मंथन चला। आखिरकार डीके शिवकुमार के संगठनात्मक कौशल, जमीनी पकड़ और पार्टी के प्रति उनकी वफादारी को देखते हुए आलाकमान ने उन्हें राज्य का ताज सौंपने का फैसला किया।
शपथ ग्रहण का समय
64 वर्षीय कांग्रेस नेता, लोक भवन स्थित 'ग्लास हाउस' में शाम 4:05 बजे शपथ लेंगे, जहां राज्यपाल थावरचंद गहलोत उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। शिवकुमार के साथ-साथ, मंत्रिमंडल गठन के पहले चरण में मंत्रियों के एक समूह के भी शपथ लेने की उम्मीद है। हालांकि अंतिम सूची की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों ने संकेत दिया है कि नई सरकार में संभवतः लगभग 13 मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है।
मंगलवार रात बेंगलुरु पहुंचने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए शिवकुमार ने कहा कि मंत्रियों की अंतिम सूची पार्टी आलाकमान द्वारा बुधवार सुबह 10 बजे तक या फिर दोपहर बाद भेजी जाएगी।
गांधी परिवार के प्रति मेरी यही प्रतिबद्धता थी...
बीते दिन कर्नाटक के भावी मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा, 'मैंने अपने थिएटर का नाम इंदिरा गांधी के निधन वाले दिन रखा था। गांधी परिवार के प्रति मेरी यही प्रतिबद्धता थी, उन्होंने मुझ पर भरोसा किया और मुझे कई अवसर दिए। इसलिए, अब तक राजीव गांधी के परिवार के प्रति पूरी तरह वफादार रहना मेरा नैतिक कर्तव्य था... सोनिया गांधी ने त्याग किया; वह प्रधानमंत्री बन सकती थीं। राहुल गांधी भी प्रधानमंत्री बन सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। अंततः, उन्होंने संघर्ष किया। राहुल गांधी इस देश की सड़कों पर पैदल चले... इसलिए, पूरी निष्ठा के साथ अपना काम करना मेरा कर्तव्य है।'
