देश

3 जून को CM पद की शपथ ले सकते हैं DK शिवकुमार, 18 जून के बाद हो सकता है कैबिनेट का विस्तार

गुरुवार को सिद्दारमैया ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया। सूत्रों का कहना है कि शिवकुमार के साथ आठ से 10 मंत्रियों को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जा सकती है और मंत्रिमंडल का विस्तार 18 जून होने वाले राज्यसभा चुनाव के बाद हो सकता है।

Image

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बनेंगे डीके शिवकुमार।

Photo : PTI

DK Shivakumar Swearing in: डीके शिवकुमार आगामी तीन जून को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। रिपोर्टों में सरकारी सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन लोकभवन में होगा। इस समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, मंत्री एवं राज्य भर के पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक हिस्सा ले सकते हैं। बता दें कि बीते गुरुवार को सिद्दारमैया ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया। सूत्रों का कहना है कि शिवकुमार के साथ आठ से 10 मंत्रियों को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जा सकती है और मंत्रिमंडल का विस्तार 18 जून होने वाले राज्यसभा चुनाव के बाद हो सकता है।

दिल्ली में खरगे और राहुल से मिले सिद्दारमैया

कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद कांग्रेस नेता सिद्धरमैया ने शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। सिद्दारमैया के साथ उनके बेटे यतींद्र भी थे। सोनिया गांधी के आवास 10, जनपथ पर राहुल गांधी के साथ हुई बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया जाता है कि सिद्दारमैया ने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष से कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने का अपना वादा पूरा कर दिया है, जिससे कर्नाटक में सत्ता हस्तांतरण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

कर्नाटक में ही रहना चाहते हैं सिद्दारमैया

यह भी कहा जा रहा है कि उन्होंने राहुल गांधी के साथ अपनी भविष्य की योजनाओं और दक्षिणी राज्य (कर्नाटक) में नयी सरकार के गठन पर चर्चा की। वह राज्यसभा सीट के प्रस्ताव को पहले ही नकार चुके हैं। सिद्दारमैया यह भी कह चुके हैं कि वह कर्नाटक में ही रहना चाहते हैं और पार्टी आलाकमान द्वारा सुझाई गई केंद्रीय भूमिका में उनकी रुचि नहीं है। सूत्रों के अनुसार, सिद्दारमैया ने 10 जनपथ में केवल राहुल गांधी से मुलाकात की, क्योंकि सोनिया गांधी बैठक में उपस्थित नहीं थीं।

सिद्दारमैया ने राहुल गांधी को धन्यवाद दिया

उन्होंने बताया कि सिद्दारमैया ने राज्य की सेवा करने का अवसर देने के लिए राहुल गांधी को धन्यवाद दिया और उन्हें सूचित किया कि उन्होंने कहे अनुसार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों ने बताया कि सिद्दारमैया अपने बेटे और वफादार नेताओं के लिए नए कर्नाटक मंत्रिमंडल में जगह चाहते हैं, जिसमें उपमुख्यमंत्री पद भी शामिल है। सिद्दारमैया और राहुल गांधी की एक घंटे तक चली बैठक के दौरान मौजूद रहे कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा, 'यह एक बहुत ही अच्छी बैठक रही। उन्होंने कई मुद्दों पर चर्चा की।’

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article