देश

कर्नाटक में 'शिवकुमार' का शासन! सिद्दारमैया ने नाम का रखा प्रस्ताव; राज्यपाल ने DK को शपथ ग्रहण का दिया न्योता

Karnataka Leadership Change: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार अब राज्य के 24वें मुख्यमंत्री होंगे। इससे पहले, विधान सौधा में हुई विधायक दल की बैठक में शिवकुमार को नेता चुना गया।

Image

शिवकुमार ने राज्यपाल से की मुलाकात

Photo : PTI

Karnataka Leadership Change: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार अब राज्य के 24वें मुख्यमंत्री होंगे। बेंगलुरु स्थित विधान सौधा में हुई विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले सिद्दारमैया ने शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा। बैठक में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

राज्यपाल से मिले शिवकुमार

डीके शिवकुमार ने लोक भवन जाकर राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात की और नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। इस दौरान, सिद्दारमैया सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे। इसके बाद, राज्यपाल ने शिवकुमार को 3 जून को शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित किया।

शिवकुमार को चुना गया नेता

कर्नाटक कांग्रेस के मुताबिक, डीके शिवकुमार को कांग्रेस विधायक दल का नया नेता चुना गया है। निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने विधायक दल के नए नेता के तौर पर शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा। डॉ. जी परमेश्वर ने इसका अनुमोदन किया। कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने ऐलान किया कि डीके शिवकुमार को कांग्रेस विधायक दल का नया नेता चुना गया है।

'2028 में सत्ता में लौटेगी कांग्रेस'

कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने शनिवार को कहा कि कर्नाटक में डी.के. शिवकुमार के नेतृत्व में पार्टी एक बार फिर से सत्ता में लौटेगी। बेंगलुरु में आयोजित कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक में शिवकुमार को विधायक दल का नेता चुना गया।

यह बैठक कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल और पार्टी के कर्नाटक मामलों के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला की देखरेख में हुई। बैठक के बाद वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के मार्गदर्शन में कर्नाटक में सत्ता का सुचारू हस्तांतरण हुआ है। उन्होंने कहा, ''कर्नाटक में शिवकुमार के नेतृत्व में कांग्रेस 2028 के विधानसभा चुनाव में सिद्दारमैया के समर्थन के साथ एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी।''

वेणुगोपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री पद से सिद्दारमैया ने इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद पार्टी विधायक दल की बैठक हुई और कांग्रेस आलाकमान ने शिवकुमार को नया नेता नियुक्त करने का फैसला लिया। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि शिवकुमार तीन जून की शाम को अपनी मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article