NEET Paper Leak: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने टाइम्स नाउ नवभारत के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में व्यवस्था की कमियों पर खुलकर बात की और कहा कि छात्रों के मन की शंकाओं के समाधान का दायित्व मेरा है। दरअसल, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी नीट पेपर लीक को लेकर लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर हैं और हाल ही में उन्होंने नीट के अभ्यर्थियों से मुलाकात भी की।
राहुल गांधी पर बरसे धर्मेंद्र प्रधान
राहुल गांधी और विपक्ष के इस आरोप पर कि सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए सेना को आगे कर रही है? धर्मेंद्र प्रधान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देश के बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए वायु सेना की मदद लेने में कोई गड़बड़ी या 'गुनाह' नहीं है। हमने रक्षा मंत्री जी से अनुरोध किया था कि नीट के प्रश्नपत्रों को सुरक्षित और समय पर पहुंचाने के लिए वायु सेना के माध्यम से एयरलिफ्ट किया जाए।
इस दौरान, टाइम्स नाउ नवभारत के रविकांत राय के साथ बातचीत में धर्मेंद्र प्रधान ने यह भी बताया कि पहले यह काम पोस्टल विभाग द्वारा सामान्य रूट और सड़क मार्ग से किया जाता था, लेकिन सुरक्षा और समय की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए वायु सेना से मदद लेना तय किया गया। धर्मेद्र प्रधान ने इसके पीछे तर्क दिया कि प्रश्नपत्रों के छपने, उनके फिर से वितरण होने और केंद्रों तक पहुंचने के लिए समय बहुत कम था।
धर्मेंद्र प्रधान ने व्यवस्था की कमियों पर की बात
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि हम अपनी व्यवस्था की कमियों को स्वीकार करते हैं और उसे तंदुरुस्त करना हमारा दायित्व है। हम बच्चों के प्रश्नों के उत्तरदायी हम हैं। उन्होंने कहा, ''राहुल गांधी को एक 'परफॉर्मेटिव' व्यक्ति हैं... वह सार्वजनिक डोमेन में केवल अपने कर्तृत्व को जाहिर करने के लिए इस तरह के कृत्य (थिएटर) कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी के पास तथ्यों और नैतिकता की कमी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की शासन व्यवस्था पहले कई राज्यों और देशभर में रही है और उस समय क्या हुआ था? मैं उस राजनीति पर कुछ कहना नहीं चाहता हूं। मैं अपने विद्यार्थियों के मन की शंकाओं के समाधान के लिए उत्तरदायी हूं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को विपक्ष के नेता के तौर पर अधिक जिम्मेदार होना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
