North India Weather Update: राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी और कोहरे का सितम जारी है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड के साथ शीतलहर चल रही है। तो कोहरे की वजह से दिल्ली आने वाली ट्रेनें विलंब से चल रही हैं। कोहरे का असर दिल्ली एयरपोर्ट की उड़ान सेवा पर भी पड़ा है। कई विमानों की उड़ान में देरी हुई है। दिल्ली के सफदरजंग में गुरुवार सुबह न्यूनतापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस और पालम में 7.2 रिकॉर्ड किया गया।
उत्तर भारत में छाया घना कोहरा।
पंजाब में कड़ाके की ठंड
उत्तर भारत के अन्य राज्यों पंजाब में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाया है। हरियाणा, यूपी एवं दिल्ली के इलाकों में भी कोहरा देखा गया। राजस्थान, बिहार और मध्य प्रदेश की कुछ जगहें घने कोहरे की चपेट में हैं। कोहरे की वजह से दृश्यता के स्तर में कमी आई है।
दृश्यता घटकर 25 मीटर तक आई
गुरुवार सुबह पंजाब के पटियाला में दृश्यता 25 मीटर, अमृतसर में 50 मीटर, अंबाला में 25 मीटर, चंडीगढ़ में 50 मीटर, हिसार में 200 मीटर, दिल्ली के पालम में 25 मीटर, सफदरजंग में 50 मीटर, राजस्थान के चुरू, बिकानेर एवं जयपुर में 50 मीटर, उत्तर प्रदेश के बरेली, बहराइच में 25 मीटर, लखनऊ, सुल्तानपुर, गोरखपुर और झांसी में 200 मीटर, मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 50 मीटर, बिहार के भागलपुर और पुर्णिया में 200 मीटर दर्ज की गई।
दिल्ली में ठंड बरकरार
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को भी कड़ाके की ठंड की स्थिति बरकरार रही जिसमें अधिकतम तापमान मौसम के औसत से दो डिग्री नीचे 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) रात आठ बजे 405 अंक दर्ज किया गया जो 'गंभीर' श्रेणी में आता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिन की शुरुआत में कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली जिसमें न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री अधिक है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
दिल्ली में शीत दिवस
उसने बताया कि दिल्ली में बृहस्पतिवार सुबह अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में जनवरी में अब तक पांच शीत दिवस और पांच शीत लहर वाले दिन अनुभव किए गए हैं जो पिछले 13 वर्षों में सबसे अधिक है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, शहर में मुख्यतः आसमान साफ रहा और मध्यम कोहरा देखा गया जबकि आर्द्रता का स्तर 79 से 60 फीसदी के बीच रहा।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस
दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो औसत तापमान से एक डिग्री अधिक है। देर रात दिल्ली की विभिन्न वेधशालाओं में दृश्यता में सुधार हुआ जिसमें रात 11 बज कर 45 मिनट पर सफदरजंग में दृश्यता 500 मीटर और पालम में 700 मीटर दर्ज की गई। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर बुधवार तड़के साढ़े पांच बजे से 600 मीटर की दृश्यता दर्ज की गई। भारतीय रेलवे के अनुसार, उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 24 ट्रेनें एक से छह घंटे की देरी से चलीं।
500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर’ श्रेणी में
आईएमडी ने बताया कि घने कोहरे के पूर्वानुमान के कारण दिल्ली में परिवहन और विमानन गतिविधियों पर बृहस्पतिवार को भी असर पड़ सकता है। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार रात आठ बजे एक्यूआई 405 अंक दर्ज किया गया। शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
