लोकसभा सीटों के प्रस्तावित परिसीमन को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने परिसीमन विधेयक पर सवाल उठाते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इससे भाजपा को फायदा होगा और विपक्षी दलों को नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 815 करने का प्रस्ताव महज सीटों में बढ़ोतरी नहीं, बल्कि पूरे चुनावी नक्शे को नए सिरे से तैयार करने जैसा है।
पी चिदंबरम
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में चिदंबरम ने कहा कि सीटों की संख्या बढ़ने के बाद परिसीमन आयोग को निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में व्यापक बदलाव करने का अवसर मिलेगा। इसका इस्तेमाल भाजपा के पक्ष में और विपक्षी दलों के खिलाफ किया जा सकता है।
543 से 815 सीटें होने पर पूरी तरह बदल जाएगा चुनावी नक्शा
चिदंबरम ने तमिलनाडु का उदाहरण देते हुए कहा कि राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या 39 से बढ़कर 59 होने की स्थिति में मौजूदा निर्वाचन क्षेत्रों का पूरा नक्शा दोबारा तैयार करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि अभी निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में छोटे-मोटे बदलाव किए जा सकते हैं, लेकिन सीटों की संख्या में इतनी बड़ी बढ़ोतरी के बाद सीमाओं का व्यापक पुनर्गठन करना होगा। उन्होंने कहा कि 543 सीटों में 271 सीटें और जुड़ना कोई मामूली बदलाव नहीं है। इससे परिसीमन आयोग को निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय करने की बड़ी गुंजाइश मिलेगी।
असम और जम्मू-कश्मीर के परिसीमन का दिया उदाहरण
चिदंबरम ने इस दौरान असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का हवाला भी दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन से विपक्षी दलों को नुकसान हुआ।
उन्होंने कहा कि असम में परिसीमन के बाद कुछ निर्वाचन क्षेत्रों की भौगोलिक संरचना असामान्य हो गई है। एक सीट का आकार घोड़े की नाल जैसा है, जबकि एक अन्य निर्वाचन क्षेत्र में भौगोलिक रूप से एक-दूसरे से जुड़े नहीं होने वाले इलाकों को शामिल किया गया है।
उन्होंने दावा किया कि जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उनसे कहा था कि परिसीमन के कारण विपक्ष को चार सीटों का नुकसान हुआ। वहीं, कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने भी असम में परिसीमन से कई सीटों पर पार्टी को नुकसान होने की बात कही है।
यूपी, बिहार और पंजाब को लेकर भी जताई आशंका
पी चिदंबरम ने एएनआई से बात करते हुए उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और पंजाब समेत दूसरे राज्यों में प्रस्तावित परिसीमन को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि इन राज्यों में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्गठन इस तरह किया जा सकता है, जिससे भाजपा को कुछ इलाकों में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने का फायदा मिले और विपक्षी दलों को नुकसान हो।
तमिलनाडु विधानसभा के प्रस्ताव का किया जिक्र
इसके साथ ही चिदंबरम ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर तमिलनाडु विधानसभा में 12 अगस्त 2026 को पारित प्रस्ताव का भी उल्लेख किया। डीएमके के समर्थन वाले इस प्रस्ताव में संसदीय प्रतिनिधित्व और महिला आरक्षण को लेकर पांच प्रमुख मांगें रखी गई थीं।
- लोकसभा की निर्वाचित सीटों की मौजूदा संख्या 543 पर स्थायी रूप से बरकरार रखी जाए।
- राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात सुरक्षित रखा जाए।
- लोकसभा और राज्यसभा के बीच करीब 2.2:1 का मौजूदा संख्यात्मक अनुपात कायम रहे।
- 2029 के लोकसभा चुनाव से मौजूदा 543 सीटों के आधार पर महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया जाए।
- राज्य विधानसभाओं में भी महिला आरक्षण लागू किया जाए।
परिसीमन पर विपक्षी दलों की बैठकें
प्रस्तावित परिसीमन विधेयकों को लेकर विपक्षी गठबंधन INDIA में भी चर्चा जारी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे रविवार को चेन्नई में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात करने पहुंचे हैं। इसके बाद वह मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से भी मिलेंगे। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी भी वहां पहुंची हैं।
ये बैठकें संसद के विशेष सत्र से पहले हो रही हैं, जो 30 नवंबर से शुरू होना है। इस सत्र में केंद्र सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संशोधित विधायी प्रस्ताव पेश करने की तैयारी में है। प्रस्तावित विधायी पैकेज में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े कानूनों में संशोधन शामिल हैं। इन प्रस्तावों के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रावधान है। इसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकते हैं।
