दिल्ली से दो विमानों ने भरी उड़ान, एक पर राहुल तो दूसरे पर सोनिया गांधी हुईं रवाना, जानें विपक्ष का क्या मुंबई-चेन्नई का 'मास्टरप्लान?'

Delimitation Bill: परिसीमन बिल पर विपक्षी एकजुटता मजबूत करने के लिए सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और ममता बनर्जी समेत कई नेता चेन्नई में एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे। इसके बाद विपक्षी नेता मुंबई जाकर शरद पवार से भी चर्चा करेंगे।

Delimitation Bill: परिसीमन बिल को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होना है। इससे पहले शनिवार को डीएमके ने इस बिल पर सरकार का समर्थन करने का ऐलान कर दिया है। इस ऐलान के बाद कांग्रेस अलर्ट हो गई है। इसी बीच रविवार को कांग्रेस, राजद, शिवसेना (यूबीटी) सहित कई पार्टियों के नेता एमके स्टालिन से मिलने चेन्नई जा रहे हैं। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता विपक्षी दलों के नेताओं से मुलाकात करने जा रहे हैं।

Delimitation Bill

परिसीमन बिल पर विपक्षी एकजुटता की कोशिश, सोनिया-राहुल समेत कई नेता पहुंचे चेन्नई। AI IMAGE

राहुल गांधी ने खुद सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि इंडिया ब्लॉक के वरिष्ठ नेता चेन्नई जाकर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में उनसे और डीएमके से परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने की अपील की जाएगी।

दो विमानों से चेन्नई पहुंचे विपक्ष के नेता

दिल्ली से दो अलग-अलग विमानों में विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता चेन्नई के लिए रवाना हुए हैं। यहां डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात के बाद विपक्षी नेता मुंबई जाएंगे और शरद पवार से चर्चा करेंगे।

सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली से विपक्षी नेताओं के लिए दो अलग-अलग विमानों की व्यवस्था की गई। पहले विमान में मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, मीसा भारती, आरजेडी के फ्लोर लीडर, समाजवादी पार्टी के दो सांसद, कपिल सिब्बल और एमए बेबी सहित कई नेता शामिल हैं।

वहीं, दूसरे विमान में राहुल गांधी, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी रवाना हुए। विपक्षी नेताओं की दोपहर में चेन्नई में एमके स्टालिन के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद यह प्रतिनिधिमंडल मुंबई जाएगा, जहां शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के भी शामिल होने की बात है। यहां विपक्षी नेता एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार से मुलाकात करेंगे।

राहुल गांधी बोले- 850 सीटें होने से लोकतंत्र को खतरा

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए चेन्नई में एमके स्टालिन से मुलाकात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि INDIA ब्लॉक के वरिष्ठ नेता स्टालिन और डीएमके से परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने की अपील करेंगे।

राहुल गांधी ने दावा किया कि लोकसभा में सीटों की संख्या 850 तक बढ़ाने से लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। इससे बीजेपी और आरएसएस को अपने फायदे के लिए देश का पूरा चुनावी नक्शा दोबारा तैयार करने का मौका मिलेगा। उन्होंने स्टालिन को तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़े रहने वाला नेता बताते हुए कहा कि देशहित, तमिलनाडु के हित और संविधान की रक्षा के लिए इस विधेयक को मिलकर हराना जरूरी है।

स्टालिन ने राहुल गांधी को दिया जवाब

राहुल गांधी के बयान पर एमके स्टालिन ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भारतीय संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में डीएमके की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए राहुल गांधी का आभार जताया।

स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी ने हमेशा तमिलनाडु और तमिल लोगों के हितों को सर्वोपरि रखकर फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि डीएमके इस रास्ते से समझौता नहीं करेगी। स्टालिन ने अपने संदेश में कहा कि उन्हें भरोसा है कि इतिहास उन्हें 'कट्टाबोम्मन' के रूप में याद करेगा, 'एट्टप्पन' के रूप में नहीं।

कनिमोझी भी चेन्नई पहुंचेंगी

डीएमके सांसद कनिमोझी ने टाइम्स नाउ से बातचीत में बताया कि वह भी चेन्नई आ रही हैं और जल्द ही अपनी फ्लाइट लेंगी। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या वह कांग्रेस नेताओं के साथ आ रही हैं, तो उन्होंने कहा कि वह उनके साथ नहीं, बल्कि अलग से आ रही हैं। डीएमके नेताओं के साथ होने वाली बैठक में शामिल होने के सवाल पर कनिमोझी ने कहा कि उन्हें अभी इसकी जानकारी नहीं है।

अखिलेश यादव ने सांसदों को जारी किया थ्री लाइन व्हिप

इस पूरे घटनाक्रम के बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी अपने सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। इसके जरिए पार्टी ने परिसीमन विधेयकों को लेकर संसद में अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। इससे उन अटकलों पर भी विराम लगाने की कोशिश की गई है, जिनमें विपक्षी दलों के बीच इस मुद्दे पर मतभेद की बात कही जा रही थी।

क्या है पूरा विवाद?

केंद्र सरकार के प्रस्तावित संविधान संशोधन और परिसीमन से जुड़े विधेयकों पर संसद के विशेष सत्र में चर्चा होनी है। सरकार का प्रस्ताव लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने और महिला आरक्षण को लागू करने की प्रक्रिया से जुड़ा है।

विपक्ष को आशंका है कि परिसीमन की प्रक्रिया से राज्यों के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन प्रभावित हो सकता है। राहुल गांधी ने भी आरोप लगाया है कि इससे बीजेपी को चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं अपने फायदे के मुताबिक तय करने का अवसर मिल सकता है। वहीं, सरकार के प्रस्ताव में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रावधान है।

End Article
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor ...

End of Feed