Delimitation Bill: संसद के विशेष सत्र से पहले सियासी हलचल तेज हो चुकी है। वहीं, परिसीमन बिल को लेकर विपक्ष में टूट की स्थिति पैदा हो गई है। शनिवार को ही डीएमके ने ऐलान कर दिया था कि परिसीमन बिल को लेकर पार्टी सरकार के साथ है। वहीं, एनसीपी (शरद गुट) भी इस बिल पर सरकार के साथ खड़ी नजर आ रही है। वहीं, अटकलें लगाई जा रही है कि आरजेडी जैसी पार्टियों के भी सांसद इस मामले पर सरकार के पक्ष में वोट डाल सकते हैं।
परिसीमन बिल पर विपक्ष को एकजुट करने में जुटीं सोनिया गांधी। PTI
इसी बीच विपक्षी दलों को एकजुट करने और उनकी रणनीति में बदलाव की कोशिश के तहत कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज अहम मुलाकातें करने जा रहे हैं। दोनों नेता पहले चेन्नई में डीएमके प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे। इसके बाद मुंबई में एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार से बातचीत करेंगे।
इन बैठकों को परिसीमन विधेयक पर विपक्षी दलों के बीच सहमति बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। कांग्रेस नेतृत्व दोनों नेताओं को विधेयक को लेकर अपने मौजूदा रुख पर दोबारा विचार करने के लिए मनाने की कोशिश करेगा।
चेन्नई में स्टालिन से दोपहर 2 बजे मुलाकात
सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे आज दोपहर करीब 2 बजे चेन्नई में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में परिसीमन विधेयक को लेकर चर्चा होने की संभावना है। कांग्रेस नेतृत्व की कोशिश होगी कि इस मुद्दे पर डीएमके के साथ सहमति बनाई जाए और विपक्षी रणनीति को मजबूत किया जाए।
रात 8 बजे शरद पवार से मिलेंगे सोनिया-खरगे
चेन्नई के बाद सोनिया गांधी और खरगे मुंबई पहुंचेंगे, जहां रात करीब 8 बजे उनकी मुलाकात एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार से होगी। इस बैठक का मकसद भी परिसीमन विधेयक को लेकर शरद पवार के रुख पर फिर से चर्चा करना और उन्हें अपने रुख पर पुनर्विचार के लिए मनाना है।
परिसीमन विधेयक पर विपक्षी एकजुटता की कोशिश
परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों के बीच अलग-अलग रुख सामने आने के बीच कांग्रेस नेतृत्व की ये मुलाकातें अहम मानी जा रही हैं। सोनिया गांधी और खरगे की कोशिश है कि स्टालिन और शरद पवार से बातचीत के जरिए इस मुद्दे पर साझा रणनीति तैयार की जा सके।
स्टालिन ने क्या कहा?
शुक्रवार को एमके स्टालिन ने बड़ा बयान दिया है। स्टालिन ने कहा है कि उनकी पार्टी उन मांगों को शामिल किए जाने के बाद नए परिसीमन बिल का समर्थन करती है, जिनके लिए डीएमके ने अप्रैल में पुराने बिल का विरोध किया था। उन्होंने इसे 2024 से पार्टी की ओर से किए जा रहे लगातार संघर्ष की जीत बताया है।
एमके स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि नए बिल में डीएमके की दोनों प्रमुख मांगों को लिखित रूप में शामिल किया गया है। उन्होंने इसे तमिलनाडु समेत सभी दक्षिणी राज्यों की जीत करार दिया।
स्टालिन ने अपने पोस्ट में कहा कि पिछले साल अप्रैल में डीएमके ने परिसीमन बिल का विरोध करते हुए दो प्रमुख मांगें रखी थीं। अब इन दोनों मांगों को नए विधेयक में लिखित रूप से शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि यह 2024 से डीएमके की ओर से लगातार किए जा रहे संघर्ष का नतीजा है।
दरअसल, डीएमके की पहली मांग थी कि लोकसभा की सीटें बढ़ने के बावजूद तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए। दूसरी मांग थी कि राज्यों के बीच संसद में प्रतिनिधित्व का अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर अगले 25 साल तक स्थिर रखा जाए।
