Delimitation Bill: लोकसभा में महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने वाले संविधान संशोधन विधेयक को सरकार दोबारा लाती है तो उसे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के 298 सांसदों के अलावा तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों और शिरोमणि अकाली दल की एकमात्र सांसद का समर्थन मिल सकता है। इस तरह सरकार के पक्ष में 319 वोट होने की संभावना है। द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के 22, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार(शप) के आठ और वाईएसआर कांग्रेस के चार सांसद भी समर्थन करते हैं तो यह संख्या बढ़कर 353 हो सकती है।
30 नवंबर से शुरू होगा संसद सत्र (फाइल फोटो)
लोकसभा में कुल 543 सीट हैं, जिनमें से तीन रिक्त हैं।अध्यक्ष को छोड़कर सदन के सभी 539 सदस्य मत विभाजन में शामिल होते हैं तो संविधान संशोधन पारित कराने के लिए सरकार को 360 वोटों की जरूरत होगी।इस लिहाज से संभावित समर्थन सात वोट कम है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: कल होगी मोदी कैबिनेट की बैठक, महिला आरक्षण और परिसीमन पर चर्चा संभव
हालांकि, विपक्षी सदस्यों के मतदान से अनुपस्थित रहने पर सरकार के लिए राह आसान हो सकती है।संविधान के अनुच्छेद 368 के तहत संशोधन के लिए सदन की कुल सदस्य संख्या का बहुमत और उपस्थित एवं मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई का समर्थन आवश्यक है।
353 वोट मिलने की स्थिति में 529 या उससे कम सदस्यों के मतदान करने पर सरकार आवश्यक आंकड़ा हासिल कर सकती है।संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बृहस्पतिवार को बताया कि सरकार ने लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से बुलाने का अनुरोध किया है।
बैठकें तीन दिसंबर तक चल सकती हैं
बैठकें तीन दिसंबर तक चल सकती हैं।इसके बाद महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक को फिर पेश किए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं।राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में भाजपा के 240, तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के 16, एकनाथ शिंदे की शिवसेना के 13 और जनता दल (यूनाइटेड) के 12 सांसद शामिल हैं।वहीं, विपक्षी गठबंधन ’इंडिया’ के पास 180 सांसद हैं, इनमें कांग्रेस के 98 और समाजवादी पार्टी के 37 सदस्य हैं।द्रमुक ने विपक्षी गठबंधन से अलग होने के बाद कहा है कि वह परिसीमन के मुद्दे पर अपने राज्य के हितों से समझौता नहीं करेगी।
भाजपा उसे आश्वस्त करने की कोशिश कर रही है कि परिसीमन के बाद तमिलनाडु की लोकसभा सीट में उसकी हिस्सेदारी बरकरार रहेगी।राकांपा (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने सोमवार को मांग की थी कि परिसीमन के लिए सभी राज्यों में एक समान फॉर्मूला अपनाया जाए और महिला आरक्षण कानून लागू किया जाए।
