देश

फ्लाइट्स में बम की धमकी मामले में जांच तेज, 'एक्स' समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों से मांगी गई जानकारी

Bomb Threat on Flight: सूत्रों ने कहा कि जांच से पता चला है कि इन धमकियों से जुड़े कुछ आईपी एड्रेस लंदन, जर्मनी, कनाडा और अमेरिका से आए हैं। हालांकि, अधिकारियों ने इस संभावना से भी इनकार नहीं किया कि धमकी देने वालों ने अपने वास्तविक स्थानों को छिपाने के लिए वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) का इस्तेमाल किया हो।

Image

बम की धमकी के बाद फ्लाइट डायवर्ट।

Photo : iStock

Bomb Threat on Flight: घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में बम की धमकी मामले में दिल्ली पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। दिल्ली पुलिस ने आरोपियों को पता लगाने के लिए एक्स, फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का रुख किया है। इन प्लेटफॉर्म से फर्जी बम की धमकियां पोस्ट करने वाले अकाउंट के बारे में जानकारी मांगी गई है। बता दें, बीते कुछ दिनों से फ्लाइट्स में बम की धमकी के मामले बढ़ गए हैं, जिस कारण कई उड़ानें बाधित हुई हैं।

जानकारी के मुताबिक, इन मामलों की जांच के लिए दिल्ली पुलिस ने एक टीम भी गठित की है। इसमें दिल्ली पुलिस की साइबर सेल और इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) भी जांच में शामिल हैं। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि संदेह है कि आरोपियों ने कई अकाउंट बनाने और धमकी भरे संदेश पोस्ट करने के लिए वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (VPN) या डार्क वेब ब्राउजर का इस्तेमाल किया था। सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने धमकी भरे संदेश पोस्ट करने वाले हैंडल को सस्पेंड करने और पोस्ट हटाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से संपर्क किया है।

BCAS ने की एयरलाइंस के साथ बैठक

उधर, विमानों में बम की धमकी के बगाद नागरिक विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) ने शनिवार को एयरलाइंस के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के साथ बैठक की। बीसीएएस के अधिकारियों ने सीईओ को बम की धमकियों से निपटने के लिए मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का पालन करने का निर्देश दिया। सूत्रों ने कहा कि जांच से पता चला है कि इन धमकियों से जुड़े कुछ आईपी एड्रेस लंदन, जर्मनी, कनाडा और अमेरिका से आए हैं। हालांकि, अधिकारियों ने इस संभावना से भी इनकार नहीं किया कि धमकी देने वालों ने अपने वास्तविक स्थानों को छिपाने के लिए वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) का इस्तेमाल किया हो। बीसीएएस और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) से बम धमकियों से निपटने के लिए एयरलाइनों के लिए नए दिशानिर्देश जारी करने की उम्मीद है।

एक सप्ताह में 70 से ज्यादा उड़ानों को दी गई धमकी

बता दें, बीते एक सप्ताह में 70 से ज्यादा घरेलू व अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बम की धमकी मिली है। विस्तारा ने बताया कि उसकी पांच अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को सोशल मीडिया पर सुरक्षा संबंधी धमकियां मिलीं। यह घटना शनिवार को हुई। इसी तरह, इंडिगो की करीब चार उड़ानों को सुरक्षा संबंधी अलर्ट जारी किए गए। प्रभावित होने वाली अन्य एयरलाइनों में एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा एयर, स्पाइसजेट, स्टार एयर और एलायंस एयर शामिल हैं। अकासा एयर ने एक बयान में कहा, 19 अक्टूबर, 2024 को संचालित होने वाली हमारी कुछ उड़ानों को आज सुरक्षा अलर्ट प्राप्त हुए हैं। सुरक्षा और सुरक्षा प्रक्रियाओं के अनुसार, सभी यात्रियों को विमान से उतारना पड़ा, क्योंकि स्थानीय अधिकारियों ने आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन किया। हम आपसे अनुरोध करते हैं कि आप इस मामले को समझें, क्योंकि हमारी टीम ने असुविधा को कम करने के लिए हर संभव प्रयास किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article