देश

'दो दिन में 12 फ्लाइट्स को बम से उड़ाने की धमकी...' एक्शन में दिल्ली पुलिस, दर्ज की 8 एफआईआर

Bomb Threats on Flights: पिछले दो दिनों में कुछ अंतरराष्ट्रीय सहित करीब 12 भारतीय उड़ानों में बम होने की धमकी मिली है। दिल्ली पुलिस ने इन मामलों में 8 एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकी की संख्या बढ़ भी सकती है।

Image

फ्लाइट्स में बम मामले में दिल्ली पुलिस ने शुरू की जांच।

Photo : iStock

Bomb Threats on Flights: घरेलू व अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में बम होने की धमकी मामले में दिल्ली पुलिस एक्शन के मूड में आ गई है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने अगल-अगल फ्लाइट्स में बम की धमकी मामले में 8 एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, पिछले दो दिनों में सोशल मीडिया खातों के जरिए अलग-अलग उड़ानों को बम धमकियां मिलने के बाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ये विमान अलग-अलग देशों और राज्यों के लिए उड़ान भरने वाले थे। इसके अलावा बुधवार को दिल्ली से बेंगलुरु जाने वाली अकासा एयर फ्लाइट मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गयी है। दिल्ली आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस के मुताबिक अब तक 8 मामलों में कानूनी कार्रवाई हुई है।

बता दें कि पिछले दो दिनों में कुछ अंतरराष्ट्रीय सहित करीब 12 भारतीय उड़ानों में बम होने की धमकी मिली है, जिसके बाद फ्लाइट्स को डायवर्ट कर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। हालांकि विमानों की तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी की संख्या बढ़ सकती है। इस बीच, विभिन्न विमानन कंपनी को मिली कई धमकियों का मुद्दा बुधवार को संसदीय समिति के समक्ष उठा और नागर विमानन सचिव ने सांसदों को बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इंडिगो व आकासा एयर को उड़ाने की धमकी

बुधवार को दिल्ली से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में बम होने की धमकी मिली, जिसके बाद फ्लाइट को अहमदाबाद के लिए डायवर्ट किया गया। इस विमान में करीब 200 यात्री और चालक दल के सदस्य थे। अधिकारियों ने बताया कि अहमदाबाद हवाई अड्डे पर सभी यात्रियों को उतारकर पूरे विमान की जांच की गई, इसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इसी तरह विमानन कंपनी अकासा एयर की बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट को बम की धमकी मिलने के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली लौटना पड़ा, जिस समय यह धमकी मिली, इसमें 180 से अधिक यात्री सवार थे।

दो दिन में 12 उड़ानों को मिली धमकी

बता दें, बीते दो दिनों में घरेलू व अंतरराष्ट्रीय करीब 12 उड़ानों को बम की धमकी मिल चुकी है। सोमवार को मुंबई से उड़ान भरने वाली तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में बम होने की धमकी मिली। इसमें न्यूयॉर्क जाने वाली एअर इंडिया विमान भी शामिल था। इसके अलावा मंगलवार को बम की धमकी के कारण 211 यात्रियों के साथ दिल्ली से शिकागो जा रहे एअर इंडिया के एक विमान का मार्ग परिवर्तित कर उसे कनाडा उतारा गया था। इसके अलावा सिंगापुर आर्म्ड फोर्सेस ने मंगलवार को एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान में बम की धमकी मिलने के बाद उसे आबादी वाले क्षेत्रों से दूर ले जाने के लिए दो लड़ाकू विमानों को भेजा, जिसके बाद विमान को सिंगापुर के चांगी हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतार लिया गया। मदुरै से सिंगापुर जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या आईएक्स 684 में बम होने की धमकी मिली थी।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article