Delhi Terror Module: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और मुंबई अंडरवर्ल्ड से जुड़े 4 आतंकियों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। इस दौरान, अदालत ने चारों आतंकियों को 7 दिनों की पुलिस कस्टडी में भेजा है। आरोप है कि ये संदिग्ध आतंकी देश की राजधानी को दहलाने की साजिश रच रहे थे। इनका मकसद दिल्ली, मुंबई समेत बड़े शहरों में आतंकी हमला करने का था।
गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आतंकी दिल्ली, मुंबई, पंजाब से हैं। कुछ लोग विदेशी भी हैं। पकड़े गए लोगों का मुंबई अंडरवर्ल्ड से भी कनेक्शन सामने आया है। सभी गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर भारत में हमला करने की साजिश रच रहे थे। दिल्ली पुलिस ने इस मामले मे कुल 9 आतंकियों को गिरफ्तार किया था जिसमे से 5 की रिमांड पुलिस पहले ही ले चुकी है।
कोर्ट मे पेश किए गए 4 आतंकियों के नाम
1. आंग कामी लामा-काठमांडू
2. हरविंदर सिंह - लुधियाना
3. गगनदीप सिंह -लुधियाना
4. मंजीत सिंह -लुधियाना
शुरुआती चरण में है जांच
कोर्ट ने अपने आदेश मे कहा कि जांच अभी शुरुआती चरण में है। आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा से जुडे गंभीर आरोप हैं। आरोपियों के पास से हथियार गोला बारूद और विस्फोटक बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में दूसरे लोगों के भी शामिल होने की संभावना जताई गई है। इसलिए आरोपों की गंभीरता को देखते हुए इस मामले मे पूछताछ की जरूरत है। लिहाजा पुलिस की तरफ से मांगी गई 7 दिनों की कस्टडी मंजूर की जाती है।
कोर्ट ने कहा कि इस मामले में आरोपों की गंभीरता को देखते हुए, हथियारों और विस्फोटकों के सोर्स को पता लगाने के लिए, दूसरे लोगों की सहभागिता का पता लगाने के लिए, आरोपियों की ओर किए गए खुलासे की पुष्टि के मद्देनजर कोर्ट इस मांग से सहमत है कि सही और प्रभावी जांच के आरोपियों की कस्टड़ी लेकर पूछताछ ज़रूरी है।
