देश

Weather in India: मुंबई में बारिश, दिल्ली में टूटा 3 साल का रिकॉर्ड, UP में फसलें बर्बाद; जानें- आपके शहर में कैसा है हाल

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Mar 21, 2023, 09:57 AM IST

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को हुई बारिश से ठंड फिर से लौट आई है। यहां तापमान में गिरावट हुई है, आलम यह है कि रात के समय में दोबारा से लोगों को कंबल ओढ़ना पड़ रहा है।

Image

दिल्ली में मौसम (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : iStock

IMD Weather Report: दिल्ली-एनसीआर में सोमवार शाम हुई बारिश ने बीते तीन साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यहां सिर्फ तीन घंटे में 6.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो बीते तीन साल में 24 घंटे की अवधि में सबसे ज्यादा है। मौसम विभाग का कहना है कि आज भी दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने के आसार हैं। उधर, मुंबई में भी मौसम ने करवट ली है, मंगलवार सुबह होते ही मुंबई में बारिश शुरू हो गई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, मंगलवार को भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि आज भी पूरा दिन बादल छाए रहने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक रहने का अनुमान हैं, वहीं न्यूनतम तापमान 16 डिग्री तक पहुंचेगा, जिससे लोगों को हल्की ठंडक का अहसास होगा। वैज्ञानिकों ने बताया, दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के इलाकों में बुधवार तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। 22 मार्च के बाद मौसम साफ होने के आसार हैं। इस दौरान तापमान बढ़कर 30 डिग्री तक पहुंच सकता है।

32 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलीं हवाएं

मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को हुई बारिश के साथ 32 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे रात के वक्त ठिठुरन बढ़ गई और लोगों को परेशानी हुई। इससे एक दिन पहले रविवार को मौसम सुहावना रहा और अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अन्य राज्यों में भी हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिम भारत और पूर्वी भारत में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। इसके चलते उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा गाजियाबाद में भी गरज के साथ बारिश हो सकती है। उत्तराखंड की बात करें तो देहरादून में भी आज गरज के साथ बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में 21 से 23 मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश के अनुमान हैं। इस दौरान बिजली गिरने और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसके अलावा 22 मार्च तक अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अलग-अलग जगहों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आज भारी बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 23 मार्च तक पश्चिम विक्षोभ उत्तर पश्चिमी भारत में सक्रिय रहेगा। गुजरात और महाराष्ट्र में अगले 4-5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि देखने की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आगे बताया कि 25-27 मार्च तक पूर्वोत्तर भारत, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के आसपास के मैदानी इलाकों में गजर के साथ भारी से मध्यम बारिश हो सकती है।

फसलों को हुआ नुकसान

बीते तीन दिनों से रुक- रुककर हो रही बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भी बड़ा नुकसान हुआ है। ज्यादातर जगहों पर गेहूं और सरसों की फसल को नुकसान हुआ है। इसके अलावा आलू की फसल भी काफी प्रभावित हुई है। तेज हवाओं के कारण आम और लीची की बौर को भी नुकसान पहुंचा है।
प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article