देश

दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, IMD ने बताया कब तक होती रहेगी बारिश

  • Written by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Mar 19, 2023, 12:27 PM IST

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को हुई बारिश के बाद मौसम पूरी तरह बदल गया है। आईएमडी ने आज भी बारिश के आसार जताए हैं।

Image

दिल्ली-एनसीआर में आज भी हो सकती है बारिश

Photo : iStock

Rain In Delhi: फरवरी में रिकॉर्ड गर्मी के बाद मौसम अचानक से बदल गया है। दिल्ली- एनसीआर समेत कई इलाकों में शनिवार को हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिली है, जिससे लोगों को गर्मी से भी राहत मिली है। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि शनिवार को बाद रविवार को भी दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में बारिश हो सकती है।

आईएमडी की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़, द्वारका, पालम, आईजीआई एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों में आज भी बारिश हो सकती है। इसके अलावा एनसीआर के गुरुग्राम, मानेसर, हांसी, महम, रोहतक, सोहाना (हरियाणा), नंदगांव, बरासाना के अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश और बूंदा बांदी होगी के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया, उत्तर प्रदेश के आगरा और इसके आस-पास के क्षेत्रों में अगले कुछ घंटों में गरज के साथ हल्की-फुल्की बारिश होगी।

तापमान में आई गिरावट

फरवरी में रिकॉर्ड गर्मी के बाद मार्च के महीने में तापमान में गिरावट देखी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को हुई बारिश के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई है। अधिकतम तापमान गिरकर 25.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है, जो इसी महीने की शुरुआत में 30 से 32 डिग्री के बीच था। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान लगाया गया है।

कई इलाकों में बारिश के आसार

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, सिर्फ दिल्ली-एनसीआर ही नहीं देश के अलग- अलग राज्यों में बारिश के आसार जताए जा रहे हैं। आईएमडी ने बारिश को लेकर हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article