देश

Delhi School Bomb: आज फिर दिल्ली के स्कूलों को मिली बम की धमकी, एक्सिस बैंक को भी आया ई-मेल

दिल्ली के स्कूलों को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सोमवार सुबह आर्मी पब्लिक स्कूल दिल्ली कैंट, सलवान पब्लिक स्कूल और मीरा पब्लिक स्कूल जनकपुरी को ईमेल के माध्यम से धमकी मिली। पुलिस, बम निरोधक दस्ता और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

Image

दिल्ली के स्कूलों को बम की धमकी

Photo : ANI

Delhi School Bomb Threat: दिल्‍ली के स्कूलों को बम धमकी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सोमवार सुबह एक बार फिर कुछ स्कूलों को ईमेल के जरिए धमकी मिली है। दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है। इसके अलावा कनॉट प्लेस में एक्सिस बैंक को भी आज ईमेल से बम की धमकी मिली है। जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस स्टेट्समैन हाउस बिल्डिंग में मौके पर पहुंची। जिसके बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया है। फिलहाल कोई संदिग्ध चीज मौके से नहीं मिली है।

आसपास के इलाकों को किया गया सील

जानकारी के अनुसार, सुबह 8 बजे के बाद स्कूलों के स्टाफ ने ईमेल देखा और तुरंत दमकल और पुलिस को सूचित किया। इस बार आर्मी पब्लिक स्कूल दिल्ली कैंट, सलवान पब्लिक स्कूल और मीरा पब्लिक स्कूल जनकपुरी को धमकी मिली है। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ते और स्निफर डॉग्स मौके पर पहुंच गए। दमकल की टीम ने भी स्कूलों में चेकिंग शुरू कर दी। स्कूल के आसपास के इलाकों को सुरक्षा की दृष्टि से सील कर दिया गया ताकि बच्चों और स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। हालांकि, अब तक किसी भी तरह का संदिग्ध सामान नहीं मिला है। वहीं, किसने यह धमकी भरा ईमेल भेजा है, पुलिस इसका भी पता लगाने में जुटी है। साथ ही सभी लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली में पहले भी मिली बम की धमकियां

दिल्ली में यह धमकियां नई नहीं हैं। पिछले सोमवार को धौला कुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल और लोधी रोड स्थित एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को भी बम धमकी मिली थी। उस समय भी तुरंत कार्रवाई की गई थी। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने गहनता से जांच की, लेकिन किसी तरह की कोई संदिग्ध सामग्री नहीं बरामद की गई। इससे पहले, दिल्ली की स्कूलों के अलावा दिल्ली सचिवालय, दिल्ली विधानसभा और लाल किला को भी धमकी मिल चुकी है। इस तरह की धमकियां आम लोगों और खासकर छात्रों के लिए चिंता का कारण बनती जा रही हैं। हालांकि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हर बार पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई करती हैं और लोगों को सुरक्षित रखने के लिए आसपास के इलाके को तुरंत सील कर देती हैं।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article