देश

दिल्ली के मालवीय नगर में बड़ा हादसा: PM मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान, आग लगने से 21 लोगों की मौत

Malviya Nagar Fire Death Toll Rescue Operations: भीषण अग्निकांड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। शोक संवेदना व्यक्त की। जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की मदद मिलेगी।

Image

दिल्ली के मालवीय नगर में बड़ा हादसा: PM मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान, आग लगने से 20 लोगों की मौत

Delhi Malviya Nagar Restaurant Fire Accident: देश की राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर (Malviya Nagar) इलाके से एक बेहद दुखद और दर्दनाक खबर सामने आ रही है। यहां स्थित 'लेमन ग्रीन' (Lemon Green) रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि रेस्टोरेंट के भीतर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड (Fire Tender) की कई गाड़ियां और दिल्ली पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन (Rescue Operations) चलाकर घायलों को मलबे और आग के बीच से निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया गहरा शोक

इस भीषण अग्निकांड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की घटना के कारण हुई लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता और राहत पहुंचाने में जुटे हैं।'

पीड़ितों के लिए मुआवजे (Ex-Gratia) का ऐलान

प्रधानमंत्री मोदी ने इस हादसे के शिकार हुए परिवारों की आर्थिक मदद के लिए 'प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष' (PMNRF) से मुआवजे की घोषणा की है। इसके तहत: इस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि (Ex-gratia) दी जाएगी। वहीं, घटना में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों के इलाज के लिए 50,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

दिल्ली सीएम का बयान

मालवीय नगर के रेस्टोरेंट में लगी आग की घटना पर CM रेखा गुप्ता ने कहा, 'मालवीय नगर में लगी भीषण आग की घटना में लोगों की जान जाने से मैं बहुत दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने और इस दिल दहला देने वाली घटना से प्रभावित सभी लोगों को हिम्मत और हौसला मिलने की प्रार्थना करती हूं। घटना की जानकारी मिलते ही, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, DDMA, CATS एम्बुलेंस सर्विस और दूसरी इमरजेंसी रिस्पॉन्स एजेंसियों की टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया और उन्होंने बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिए। उनकी तेजी से की गई कार्रवाई की वजह से प्रभावित जगह से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। दिल्ली सरकार हालात पर बारीकी से नजर रखे हुए है। प्रभावित परिवारों को हर जरूरी मेडिकल मदद और सहायता दी जा रही है। दुख की इस घड़ी में दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। हम इस घटना से प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।'

अमित शाह ने दिल्ली मालवीय अग्निकांड पर जताया दुख

प्रियंका गांधी वाड्रा का बयान

'मालवीय नगर, दिल्ली के एक होटल में आग लगने के कारण बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु एवं करीब तीन दर्जन से ज्यादा लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोकसंतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। कांग्रेस के साथियों से मेरी अपील है कि कृपया प्रभावित लोगों की यथासंभव मदद करें।'

ये दिल्ली में क्या हो रहा? आप का सवाल

आग की घटना पर AAP पार्टी ने कहा, 'आखिर दिल्ली में यह क्या हो रहा है? इससे भी बड़ा सवाल- ऐसा क्यों हो रहा है? क्या सुरक्षा मानकों को नजरअंदाज किया जा रहा है? दिल्ली की जनता डरी हुई है और जवाब चाहती है।'

आग पर काबू पाया गया

दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड पर फायर ऑफिसर एके मलिक ने कहा, 'फायर डिपार्टमेंट को सुबह 8:50 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआत में घटनास्थल पर 7 दमकल गाड़ियां भेजी गईं। बाद में आवश्यकता के अनुसार अन्य वाहन भी पहुंच गए। हमारी टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, उसने तुरंत इमारत से 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।'

उन्होंने बताया कि यह एक बहुमंजिला इमारत है, जिसमें बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और उसके ऊपर पांच मंजिलें हैं। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ में पता चला कि यह भवन केवल आवासीय परिसर के रूप में इस्तेमाल नहीं हो रहा था। यहां ठहरे अधिकांश लोग वैसे थे, जिनके परिजन सामने स्थित मैक्स अस्पताल में इलाज करा रहे थे। इसलिए संभावना है कि वे इसीलिए यहां रुके हुए थे। मलिक ने कहा कि इमारत में कुछ विदेशी नागरिक भी ठहरे हुए थे। उन्होंने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है और अब पूरी इमारत को खाली करा दिया गया है। आगे की जांच के लिए इसे पुलिस को सौंप दिया गया है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें