Delhi News: राजधानी दिल्ली से बड़ी खबर सामने आई है। यहां जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में गेट नंबर 2 पर बन रहा पंडाल अचानक से नीचे गिर गया। यह हादसा तब हुआ, जब पंडाल के नीचे मजदूर खाना खा रहे थे। अचानक हुए हादसे के कारण मजदूरों को भागने का मौका नहीं मिल पाया और वे नीचे दब गए। इसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस का कहना है कि जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के गेट 2 पर एक शादी समारोह के लिए लगाया जा रहा एक पंडाल गिर गया। मलबे के नीचे से अब तक 20 से 25 लोगों को निकाला जा चुका है और उन्हें इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा अस्पताल ले जाया गया। अभी भी बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
मौके पर पहुंची एनडीआरएफ
पुलिस ने बताया कि मौके पर एनडीआरएफ टीम भी पहुंच गई है, लगभग सभी लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। हालांकि, एनडीआरएफ की टीम के साथ मिलकर एक बार फाइनल सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि अब कोई मजदूर नीचे नहीं दबा है। पुलिस ने बताया कि हादसे में किसी की मौत की सूचना नहीं है।
