देश

Delhi Bomb Blast: रोहिणी में CRPF स्कूल के पास तेज धमाका, आसपास की इमारतों के शीशे टूटे; मौके पर पहुंची NSG

Rohini CRPF School Explosion: दिल्ली के रोहिणी स्थित सीआरपीएफ स्कूल के बाहर तेज धमाके की खबर है। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास की दुकानों और पास में खड़ी कार के शीशे तक टूट गए।

Image

रोहिणी में ब्लास्ट के बाद पुलिस ने की घेराबंदी।

Photo : IANS

Rohini CRPF School Explosion: दिल्ली के रोहिणी स्थित सीआरपीएफ स्कूल के बाहर तेज धमाके की खबर है। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास की दुकानों और पास में खड़ी कार के शीशे तक टूट गए। घटना के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। अधिकारियों ने बताया कि इस विस्फोट में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि आज सुबह 07:47 बजे पीसीआर कॉल मिली, जिसमें कॉलर ने बताया कि रोहिणी सेक्टर 14 सीआरपीएफ स्कूल के पास तेज आवाज के साथ विस्फोट हुआ है। सूचना के बाद एसएचओ/पीवी और स्टाफ मौके पर पहुंचे, जहां स्कूल की दीवार क्षतिग्रस्त मिली और दुर्गंध आ रही थी। पास की एक दुकान और दुकान के पास खड़ी एक कार के शीशे क्षतिग्रस्त थे। कोई हताहत नहीं हुआ। क्राइम टीम, एफएसएल टीम और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया है। क्राइम स्पॉट की घेराबंदी कर दी गई है। दमकल टीम मौके पर है। विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है।

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, धमाके में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन स्थानीय निवासियों ने चिंता व्यक्त की है। लोगों ने सुरक्षा को लेकर सवाल उठाया है। इस घटना के बाद, प्रशांत विहार क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सभी सुरक्षा एजेंसियां अपनी जांच में तेजी ला रही हैं। धमाके के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। रोहिणी डीसीपी अमित गोयल ने कहा कि धमाके की वजह जानने के लिए एक्सपर्ट्स को बुलाया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाका किस प्रकार का था। उन्होंने आगे कहा कि विशेषज्ञ की टीम घटना की विस्तृत जांच कर रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट होगी।

दमकल विभाग ने बताया कि रोहिणी के प्रशांत विहार इलाके में सीआरपीएफ स्कूल के बाहर धमाके की सूचना मिली है। सुबह करीब 7:50 बजे दमकल विभाग को इस घटना की जानकारी मिली थी, जिसके बाद 2 दमकल गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया। हालांकि, अभी तक आग लगने या दीवार को नुकसान पहुंचने की कोई सूचना नहीं मिली है।

मौके पर पहुंची NSG टीम

जानकारी के मुताबिक, रोहिणी में हुए ब्लास्ट की जांच के लिए एनएसजी की बम डिस्पोसल स्क्वाड मौके पर पहुंच चुकी है। सूत्रों के मुताबिक wire नुमा चीज भी मौके से बरामद हुई है FSL को। जांच का विषय वो विस्फोटक मे इस्तेमाल हुआ या पहले से वहा गिरे हुए थे।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article