Delhi Elections 2025: आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक दिनेश मोहनिया के खिलाफ एक महिला के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने और अनुचित इशारे करने और उसे फ्लाइंग किस भेजने का मामला दर्ज किया गया है। बुधवार को दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने ये जानकारी दी। दिल्ली पुलिस ने संगम विहार से आप विधायक के खिलाफ बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने कहा कि एक महिला ने आप विधायक दिनेश मोहनिया के खिलाफ उसे फ्लाइंग किस देने के लिए संगम विहार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया। दिल्ली पुलिस ने धारा 323/341/509 के तहत मामला दर्ज किया है। यह आरोप दिल्ली में चल रहे विधानसभा चुनावों के बीच आया है। दिनेश मोहनिया, जो संगम विहार विधानसभा क्षेत्र से एक निवर्तमान विधायक हैं, इस सीट से आप के उम्मीदवार भी हैं। वह भाजपा के चंदन कुमार चौधरी और कांग्रेस के हर्ष चौधरी के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं।
दिनेश मोहनिया के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर
सुबह 7 बजे से हो रहा मतदान
अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चलेगा। मुख्य रूप से नई दिल्ली, जंगपुरा, कालकाजी, ओहक्ला, मुस्तफाबाद, बिजवासन, कस्तूरबा नगर, ग्रेटर कैलाश, पटपड़गंज आदि सीटों पर मुकाबला है। आप के पास वर्तमान में 70 सीटों वाली विधानसभा में 60 से अधिक सीटें हैं, जो अपनी पिछली उपलब्धियों के आधार पर फिर से चुनाव जीतना चाहती है। नई दिल्ली सीट पर दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल (आप), भाजपा के परवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित (पूर्व सीएम शीला दीक्षित के बेटे) के साथ तीन-तरफा मुकाबला है। जंगपुरा में आप के मनीष सिसोदिया, कांग्रेस के फरहाद सूरी और भाजपा के तरविंदर सिंह मारवाह के बीच मुकाबला है।
राष्ट्रीय राजधानी की 70 विधानसभा सीटों पर कुल 699 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। दिल्ली में 1,56,14,000 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 83,76,173 पुरुष, 72,36,560 महिलाएं और 1,267 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदाताओं में 18-19 वर्ष की आयु के 2,39,905 पहली बार मतदाता, 85 वर्ष या उससे अधिक आयु के 1,09,368 बुज़ुर्ग मतदाता और 79,885 विकलांग व्यक्ति भी शामिल हैं।
