देश

AAP ने फिर पूछे तीखे सवाल, कथित शराब घोटाले में मनी ट्रेल कहां, कहां गए पैसे?

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 23, 2024, 01:05 PM IST

दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज और आतिशी ने आज फिर प्रेस कांफ्रेंस कर ईडी और केंद्र सरकार को निशाने पर लेते हुए सवाल उठाए। जानिए इस खबर पर आज दिनभर का अपडेट।

Image

अरविंद केजरीवाल पर अपडेट्स

Photo : ANI

Arvind Kejiwal Updates: अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और फिर ईडी हिरासत के बाद आज उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल प्रेस कांफ्रेंस करेंगी। माना जा रहा है कि इसमें वह और ईडी की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार को निशाने पर लेंगी। इस दौरान उनके सात आप नेता भी रहेंगे। उधर, आप ने ईडी की कार्रवाई और केंद्र से फिर तीखे सवाल किए हैं। इन्होंने पूछा है कि दो साल से जांच के बाद भी ईडी को अब तक मनी ट्रेन क्यों नहीं मिला। जानिए दिन भर का अपडेट।

आप नेताओं ने पूछा, कहां है मनी ट्रेल?

दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज और आतिशी ने आज फिर प्रेस कांफ्रेंस कर ईडी और केंद्र सरकार को निशाने पर लेते हुए सवाल उठाए। दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा, 'दिल्ली के तथाकथित एक्साइज पॉलिसी घोटाले में पिछले दो साल से सीबीआई और ईडी की जांच चल रही है। इन दो सालों में एक सवाल बार-बार सामने आया है- मनी ट्रेल कहां है? पैसा कहां गया? आप के किसी भी नेता, मंत्री या कार्यकर्ता के पास से अपराध की कोई रकम बरामद नहीं हुई। दो दिन पहले सिर्फ एक व्यक्ति शरत चंद्र रेड्डी के बयान के आधार पर अरविंद केजरीवाल को इसी मामले में गिरफ्तार किया गया था।

कहा, एक शख्स से दबाव में दिलाया बयान

आतिशी ने कहा, शरत चंद्र रेड्डी अरबिंदो फार्मा के मालिक हैं। उन्हें 9 नवंबर 2022 को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उन्होंने साफ कहा कि वह कभी भी अरविंद केजरीवाल से नहीं मिले या बात नहीं की और उनका AAP से कोई लेना-देना नहीं है। जैसे ही उन्होंने ये कहा अगले दिन उन्हें ईडी ने गिरफ्तार कर लिया। कई महीनों तक जेल में रहने के बाद उन्होंने अपना बयान बदल दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की और उनसे उत्पाद नीति मामले पर बात की थी। उनके इतना कहते ही उन्हें जमानत दे दी गई। लेकिन पैसा कहां है? पैसे का लेनदेन कहां है?

6 दिन की ईडी रिमांड पर केजरीवाल

बता दें कि दिल्ली की निचली अदालत ने केजरीवाल को 6 दिन की ईडी रिमांड पर दिया है। अदालत ने जांच एजेंसी को सुनवाई के दौरान जांच की प्रगति पर अपडेट देने और भविष्य के कदमों की रूपरेखा बताने के लिए भी कहा है। अदालत ने जांच एजेंसी को सीसीटीवी निगरानी के तहत दिल्ली के मुख्यमंत्री से पूछताछ करने का भी निर्देश दिया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पूछताछ के फुटेज को भविष्य में संदर्भ के लिए संरक्षित रखा जाए। इसके अलावा, केजरीवाल को जांच एजेंसी की हिरासत में रहने तक रोजाना शाम 6 बजे से 7 बजे के बीच अपने वकीलों से मिलने की अनुमति दी गई है। केजरीवाल को अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल और निजी सचिव विभव कुमार से हर दिन आधे घंटे के लिए मिलने की भी अनुमति दी गई है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!