देश

'एयरलाइन के संपर्क में रहें हवाई यात्री', दिल्ली का मौसम बिगड़ते ही DIAL ने किया अलर्ट; उड़ानों पर पड़ सकता है असर

Delhi Weather: दिल्ली में गुरुवार को झमाझम बारिश के बीच हवाई यात्रियों को लेकर एक एडवाइजरी जारी की गई है। दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों से संभावित ट्रैफिक से बचने के लिए मेट्रो जैसे विकल्पों का इस्तेमाल करने की अपील की।

Image

दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी

Photo : ANI

Delhi Weather: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को हीटवेव के बीच अचानक मौसम ने करवट ली और तेज-हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। इस बीच, दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने संभावित आंधी-तूफान को लेकर यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की।

दिल्ली एयरपोर्ट ने खराब मौसम की वजह से कुछ उड़ानों पर संभावित असर की संभावना जताई और यात्रियों से अपील की कि संभावित ट्रैफिक और देरी से बचने के लिए दिल्ली जैसे वैकल्पिक परिवहन का इस्तेमाल करें।

एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा है कि मौसम खराब होने के कारण कुछ उड़ानों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। दिल्ली एयरपोर्ट की ओर से जारी बयान में कहा गया कि ग्राउंड स्टाफ और संबंधित एजेंसियां यात्रियों को बेहतर और सुगम सेवाएं देने के लिए लगातार काम कर रही हैं, ताकि उड़ानों पर मौसम के असर को कम किया जा सके।

एयरलाइन के संपर्क में रहें हवाई यात्री

इस दौरान, हवाई यात्रियों से अपील की गई कि वे अपनी फ्लाइट की ताजा जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क में रहें। साथ ही यात्रियों को समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी गई है।

सड़कों पर लग सकता है जाम

दिल्ली एयरपोर्ट ने यह भी कहा कि खराब मौसम के चलते सड़क मार्ग पर ट्रैफिक और देरी की संभावना बढ़ सकती है। ऐसे में यात्री दिल्ली मेट्रो जैसे वैकल्पिक परिवहन साधनों का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे उन्हें एयरपोर्ट पहुंचने में आसानी होगी।

दिल्ली NCR में बदला मौसम

दिल्ली एनसीआर पिछले कुछ समय से भीषण गर्मी का मार झेल रहा था, लेकिन गुरुवार शाम को मौसम ने अचानक करवट बदली। तेज हवाओं के साथ बादल गरजने लगे और कुछ समय बाद झमाझम बारिश हुई। इस बारिश की बदौलत दिल्लीवासियों ने राहत की सांस ली और मौसम पहले की तुलना में थोड़ा ठंडा हुआ।

'स्काईमेट' के महेश पलावत के मुताबिक, राजस्थान में पहले ही गरज के साथ बारिश शुरू हो चुकी है और दिल्ली में भी पूरी रात यही सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। बकौल महेश पलावत, शुक्रवार को आंधी-बारिश की तीव्रता और बढ़ने के आसार हैं तथा यह दौर 30 मई तक जारी रह सकता है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें