देश

Vande Bharat: वंदे भारत एक्सप्रेस को लेकर बड़ा अपडेट, अब देहरादून से दिल्ली के बीच बुधवार को भी चलेगी ट्रेन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 18, 2024, 09:42 AM IST

Dehradun-New Delhi Vande Bharat express: देहरादून से दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस अब बुधवार को भी संचालित होती। यह जानकारी राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी की ओर से दी गई है।

Image

वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन

Photo : Twitter

Dehradun-New Delhi Vande Bharat express: वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के यात्रियों के बीच बड़ी खबर है। ताजा अपडेट के मुताबिक, देहरादून से दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस अब बुधवार को भी संचालित होती। यह जानकारी राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने दी है। उन्होंने बताया कि अब दून से दिल्ली के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस बुधवार के दिन भी ऑपरेट होगी। अमर उजाला की एक रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने बताया कि खास तौर पर व्यापारियों की ओर से यह मांग की जा रही थी। बुधवार को ट्रेन न चलने से उन्हें परेशानी हो रही थी, हालांकि, अब उनकी परेशानी दूर होगी।

राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी ने बताया कि इस मांग को लेकर मेरी ओर से एक प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। बता दें, वर्तमान में देहरादून-नई दिल्ली वंदे भारत ट्रेन सप्ताह में एक दिन बंद रहती है। अब इस ट्रेन को बुधवार के बजाय किसी और दिन बंद रखा जाएगा। हालांकि, बुधवार को संचालित होने के बाद इसे किस दिन बंद रखा जाएगा, इसकी जानकारी मंत्रालय की ओर से नहीं दी गई है। इसके अलावा हरिद्वार के लक्सर से कोरोना काल में बंद की गईं पैसेंजर ट्रेनों का भी संचालन जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

क्या है देहरादून-दिल्ली वंदे भारत की टाइमिंग

उत्तराखंड की इस पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन 29 मई, 2023 से किया जा रहा है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 मई को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यह ट्रेन 302 किलोमीटर का सफर तय करके दिल्ली पहुंचती है। देहरादून और नई दिल्ली के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस कुल 5 स्टेशनों हरिद्वार, रुड़की, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और मेरठ पर रुकती है। यह ट्रेन सुबह 7 बजे देहरादून से रवाना होकर 4 घंटे 45 मिनट में 11:45 मिनट पर दिल्ली पहुंच जाती है। वहीं दिल्ली से 5:50 बजे वंदे भारत देहरादून के लिए रवाना होती है, जो 10:35 पर देहरादून पहुंचती है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article