देश

फटी किडनी-ब्रेन हेमेटोमा और शरीर पर गंभीर चोटें…;दहेज के लिए दीपिका के साथ क्या हुआ था उस रात? पोस्टमार्टम रिपोर्ट पढ़ सिहर उठेंगे

दीपिका नागर की संदिग्ध मौत के बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ऐसे खुलासे हुए हैं, जिन्हें पढ़कर आप सिहर उठेंगे। दीपिका को न केवल ऊपरी चोटें आई थीं, बल्कि उसके कई अंदरूनी अंग भी फट गए थे।

Image

दीपिका नागर मौत मामले में नए खुलासे।

ग्रेटर नोएडा में 24 साल की दीपिका नागर की संदिग्ध मौत मामले की जांच फंसती हुई दिख रही है। दीपिका की जो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई है और उससे हुए खुलासों ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला है कि दीपिका के शरीर पर सिर्फ बाहरी चोटें ही नहीं थीं,बल्कि उसके दिमाग में गंभीर ब्लीडिंग और कई अंदरूनी अंग फटे हुए पाए गए। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी उसकी मौत का स्पष्ट कारण पता नहीं चल पाया है। ईकोटेक-तीन थाना पुलिस ने इस बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक जांच के लिए विसरा सुरक्षित रख लिया गया है।इसके बाद परिवार द्वारा लगाए गए दहेज हत्या के आरोपों को लेकर सवाल और तेज हो गए हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या-क्या सामने आया?

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, दीपिका की नाक और मुंह से खून बह रहा था। डॉक्टरों ने दिमाग के मध्य और बाईं तरफ हेमेटोमा यानी खून जमा होने की पुष्टि की है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि लीवर, प्लीहा और दाहिनी किडनी फटी हुई मिलीं। इसके अलावा हाथ और जांघ पर कई जगह चोट और सूजन के निशान पाए गए हैं।

शरीर पर बाहरी चोट के निशान

  • दीपिका के बाएं घुटने के जोड़ पर लगभग 4 सेमी × 1.5 सेमी आकार का हड्डी तक गहरा घाव पाया गया
  • कमर/पेट के निचले हिस्से में लगभग 1.5 सेमी × 1 सेमी आकार का घाव पाया गया
  • दाहिने इलियक क्रेस्ट के ऊपर लगभग 25 सेमी × 22 सेमी आकार का गोलाकार चोट पाया गया
  • दाहिने हाथ के चारों ओर गोलाकार चोट के निशान पाए गए
  • बाएं कान से रक्तस्राव मिला
  • चेस्ट और पेट के बाईं ओर गहरे दबाव/घर्षण के निशान पाए गए

वहीं,ईकोटेक-तीन थाना पुलिस ने बताया कि डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित रख लिया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मौत से पहले दीपिका के शरीर में किसी जहरीले पदार्थ या नशीले तत्व का इस्तेमाल तो नहीं किया गया था। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। जांच व फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मामले में अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।

कैसे हुई थी मौत?

दीपिका की मौत रविवार देर रात गौतमबुद्ध नगर के जलपुरा गांव स्थित उसके ससुराल में हुई थी। ससुराल पक्ष का दावा है कि वह मकान की छत से गिर गई थी, जबकि मायके वालों ने इस कहानी को पूरी तरह झूठ बताया है।

परिवार का कहना है कि दीपिका की मौत कोई हादसा या आत्महत्या नहीं, बल्कि दहेज के लिए की गई हत्या है। मृतका के पिता संजय नागर ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

‘फॉर्च्यूनर और 50 लाख’ की मांग का आरोप

परिजनों के मुताबिक दीपिका की शादी दिसंबर 2024 में हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद ससुराल पक्ष ने टोयोटा फॉर्च्यूनर एसयूवी और 45 से 50 लाख रुपये नकद की मांग शुरू कर दी थी। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर दीपिका को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

परिवार का दावा है कि घटना वाले दिन यानी रविवार दोपहर दीपिका ने अपने पिता को फोन किया था। वह फोन पर रो रही थी और उसने बताया था कि ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं।

समझौते की कोशिश, फिर देर रात आया फोन

दीपिका के पिता के मुताबिक बेटी की बात सुनने के बाद वह कुछ रिश्तेदारों के साथ शाम करीब 7 बजे उसकी ससुराल पहुंचे थे ताकि विवाद को सुलझाया जा सके। लेकिन देर रात करीब 12:30 बजे ससुराल वालों का फोन आया कि दीपिका गिर गई है और उसे शारदा अस्पताल ले जाया गया है।

जब परिवार अस्पताल पहुंचा तो दीपिका की मौत हो चुकी थी। पिता का आरोप है कि बेटी के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान थे और कुछ जख्म ऐसे लग रहे थे जैसे किसी नुकीली चीज से हमला किया गया हो।

‘सीढ़ियों से गिरी या छत से?’बयानों में विरोधाभास

मायके पक्ष ने ससुराल वालों की कहानी पर कई सवाल उठाए हैं। परिवार का कहना है कि पहले कहा गया कि दीपिका सीढ़ियों से गिरी, बाद में छत से गिरने की बात कही गई। यही विरोधाभास पूरे मामले को और संदिग्ध बना रहा है। दीपिका की बुआ गीता देवी ने आरोप लगाया कि पहले उसे छत से धक्का दिया गया और जब वह बच गई तो उसके साथ और हिंसा की गई। हालांकि पुलिस अभी इन आरोपों की जांच कर रही है।

कहां तक पहुंची पुलिस की जांच

पुलिस ने दीपिका के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट और विसरा जांच के बाद मामले में और धाराएं जोड़ी जा सकती हैं। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि दीपिका की मौत वास्तव में गिरने से हुई या उसके साथ पहले मारपीट की गई थी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article