देश

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ बड़ा एक्शन, मारे गए 30 माओवादी; ऑटोमेटिक हथियार बरामद

Chhattisgarh Naxal Encounter: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर-दंतेवाड़ा सीमा के पास पुलिस ने नक्सलियों को घेर रखा है और दोनों ओर से फायरिंग हो रही है। अब तक 30 नक्सली मारे जा चुके हैं।

Image

नक्सलियों के साथ छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों की मुठभेड़ (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के साथ एनकाउंटर
  • नारायणपुर-दंतेवाड़ा सीमा पर माड़ क्षेत्र में मुठभेड़
  • अब तक मारे जा चुके हैं 30 नक्सली

Chhattisgarh Naxal Encounter: छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबल नक्सलियों के खात्मे के लिए लगातार ऑपरेशन चला रहा है। शुक्रवार को एक बार फिर पुलिस ने 30 नक्सलियों को मार गिराया है। इन सातों के पास भारी मात्रा में ऑटोमेटिक हथियार भी बरामद हुए हैं। पुलिस का ऑपरेशन अभी भी जारी है।

नारायणपुर-दंतेवाड़ा सीमा पर नक्सलियों का एनकाउंटर

पहले बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि नारायणपुर-दंतेवाड़ा जिले की सीमा में अबूझमाड़ के थुलथुली गांव के जंगल में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 14 नक्सलियों को मार गिराया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपराह्न लगभग एक बजे नक्सलवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने अब तक 14 नक्सलियों के शव, एके 47 और एसएलआर समेत कई अन्य हथियार बरामद किये हैं। नई जानकारी के अनुसार 30 नक्सली मारे जा चुके हैं।

मिली थी नक्सलियों की जानकारी

सुंदरराज ने बताया कि नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले की सीमा में स्थित अबूझमाड़ क्षेत्र में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना मिलने पर नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले से सुरक्षाबल के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था। सुरक्षाबल के दल में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के जवान शामिल थे।

अभी भी जारी है एनकाउंटर

क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में सभी जवानों के सुरक्षित होने की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि इलाके में रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मुठभेड़ के साथ ही इस वर्ष अब तक दंतेवाड़ा और नारायणपुर समेत सात जिलों वाले बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग मुठभेड़ों में 171 माओवादियों को मार गिराया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article