Damoh News: मध्य प्रदेश के दमोह शहर के फुटेरा मोहल्ले में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब वरिष्ठ समाजसेवी शकुंतला रैकवार की अंतिम यात्रा के दौरान मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले से अंत्येष्टि में शामिल लोगों समेत वहां मुंडन संस्कार करवा रहे एक परिवार के लगभग दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही शव यात्रा बड़ी देवी मंदिर फुटेरा तालाब के पास बने विश्राम घाट पर पहुंची, तो वहां लगे पीपल के पेड़ पर मौजूद मधुमक्खियां ने अचानक से हमला कर दिया। इस हमले से वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे भारी अफरातफरी का माहौल बन गया। मधुमक्खियां के द्वारा अचानक हुए इस हमले से पास में ही मुंडन करा रहे 40 से अधिक लोगों सहित शव यात्रा में शामिल सैकड़ो लोग इस हमले में घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां पर सभी का इलाज जारी है।
मधुमक्खियों के इस हमले में 125 लोग हुए घायल
स्थिति बिगड़ती देख भाजपा नेता मोंटी रैकवार, व्यापारी संजय असाटी, मछली ठेकेदार शंकर रैकवार और मृतका के परिजन विनय रैकवार ने त्वरित निर्णय लेते हुए शव यात्रा को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की व्यवस्था की। उनकी सक्रियता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मधुमक्खियों के इस हमले में लगभग 125 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई को गंभीर जलन और सूजन की शिकायत हुई। प्रभावित लोगों का प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई। यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब के आसपास इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोग प्रशासन से इस क्षेत्र में मधुमक्खियों के छत्तों को हटाने और सुरक्षा के उपाय करने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
