देश

Cyclone Midhili: भीषण चक्रवात का रूप ले सकता है तूफान 'मिधिली', बंगाल-ओडिशा में बारिश का अलर्ट

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 17, 2023, 11:14 AM IST

Cyclone Midhili: आईएमडी ने कहा, ‘इस तंत्र के उत्तर-उत्तपूर्व दिशा की ओर बढ़ते रहने एवं अगले 24 घंटे में मजबूत होकर चक्रवाती तूफान का रूप लेने एवं शनिवार तड़के मोंगला एवं खेपूपारा के बीच बांग्लादेश तट को पार कर लेने की आशंका है।

Image

भीषण चक्रवात का रूप ले सकता है तूफान 'मिधिली'।

Photo : PTI

Cyclone Midhili: बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरे दबाव का क्षेत्र बना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इसे लेकर चेतावनी जारी की है। आईएमडी का कहना है कि यह दबाव क्षेत्र शुक्रवार को चक्रवात का रूप धारण कर सकता है। इसके बांग्लादेश के तट से टकराने से पहले यह सुंदरबन के इलाके से गुजरेगा। इस दौरान इसकी रफ्तार 80 किलोमीटर प्रतिघंटे रह सकती है। बंगाल और ओडिशा के तटवर्ती इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मछुआरों को 18 नवंबर तक गहरे समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई। इस तूफान को 'मिधिली' नाम दिया गया है।

तूफान ने गहरे दबाव के क्षेत्र का रूप लिया

इससे पहले आईएमडी ने गुरुवार को कहा कि दबाव के क्षेत्र ने मजबूत होकर गहरे दबाव के क्षेत्र का रूप ले लिया और वह 17 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा में बढ़ रहा है। उसने कहा कि बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे यह आंध्रप्रदेश के विशाखापत्तनम के पूर्व- दक्षिणपूर्व में करीब 390 किलोमीटर तथा ओडिशा में पारादीप के दक्षिण-दक्षिणपूर्व में 320 किलोमीटर की दूरी पर था।

शनिवार को बांग्लादेश का तट पार करेगा

आईएमडी ने कहा, ‘इस तंत्र के उत्तर-उत्तपूर्व दिशा की ओर बढ़ते रहने एवं अगले 24 घंटे में मजबूत होकर चक्रवाती तूफान का रूप लेने एवं शनिवार तड़के मोंगला एवं खेपूपारा के बीच बांग्लादेश तट को पार कर लेने की आशंका है। हवा की रफ्तार 55-65 किलोमीटर प्रति घंटे से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।’

पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश का अनुमान

विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि उसके प्रभाव से ओडिशा के कई हिस्सों खासकर तटीय क्षेत्र में भारी वर्षा होगी तथा 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। विभाग ने कहा कि इस तंत्र से शुक्रवार तक पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों, त्रिपुरा और मिजोरम में भारी वर्षा हो सकती है तथा नगालैंड, मणिपुर, असम एवं मेघालय में शनिवार तक बारिश होगी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!