
Cyclone Michaung Updates: चेन्नई और आस पास इलाकोंं में अब तक 12 की मौत, कई राज्यों में पहुंचाया भारी नुकसान
Cyclone Michaung Live Updates: चक्रवाती तूफान ‘मिचौंग’ के मद्देनजर बचाव और राहत अभियान चलाने के लिए आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना और पुडुचेरी में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की कुल 29 टीम तैनात की गई हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। तमिलनाडु में एनडीआरएफ की 14 टीम (चेन्नई में पांच), आंध्र प्रदेश में 11, तेलंगाना में एक और पुडुचेरी में तीन टीम तैनात की गई हैं। एनडीआरएफ के अधिकारी ने बताया, 'हमारा ध्यान आंध्र प्रदेश पर है क्योंकि चक्रवात वहां समुद्र तट से टकराएगा और हवा की तेज रफ्तार के कारण कई पेड़ एवं खंभे उखड़ सकते हैं तथा अन्य बुनियादी ढांचों को नुकसान पहुंचेगा, जिससे संचार और बिजली आपूर्ति अवरूद्ध हो जाएगी।' एनडीआरएफ के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि कुछ अतिरिक्त टीम को तैयार रखा गया है और राज्य सरकारों द्वारा मांग किए जाने पर उन्हें प्रभावित क्षेत्रों में भेजा जाएगा। मंगलवार को चेन्नई और उसके आसपास बारिश से संबंधित विभिन्न घटनाओं में 12 लोगों की जान चली गई, शहर और उसके आसपास के जलभराव वाले इलाकों में फंसे लोगों को बचाने के लिए नौकाओं और ट्रैक्टर का इस्तेमाल किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, बारिश से संबंधित घटनाओं में 11 लोग घायल हो गए और विभिन्न अस्पतालों में उन्हें भर्ती कराया गया है।