CRPF Jawans Firing: गुरुवार को मणिपुर के एक शिविर में सीआरपीएफ के एक जवान ने कथित तौर पर अपने दो साथियों की हत्या कर दी और आठ अन्य को घायल कर दिया और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली। सूत्रों ने बताया कि यह घटना रात करीब 8.20 बजे इंफाल पश्चिम जिले के लाम्फेल में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के शिविर में हुई।
सूत्रों ने बताया कि आरोपी हवलदार संजय कुमार ने अपनी बंदूक से गोली चलाई, जिससे बल के एक कांस्टेबल और एक उपनिरीक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में उसने खुद पर भी गोली चला ली और उसे मृत घोषित कर दिया गया।
आरोपी जवान बल की 120वीं बटालियन का था। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में सीआरपीएफ के आठ जवान घायल हो गए हैं और उन्हें इंफाल के क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS)में भर्ती कराया गया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है और बल की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
