India Pakistan Tension: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान मुनीर अहमद को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। मुनीर अहमद के आचरण को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरनाक माना गया है। दरअसल, मुनीर अहमद ने बिना किसी के जानकारी में आए एक पाकिस्तानी युवती मीनल खान से निकाह कर लिया। इतना ही नहीं, मीनल अपने शौहर मुनीर अहमद के साथ ही रह रही थी।
सीआरपीएफ ने पाकिस्तानी महिला से निकाह करने वाले मुनीर अहमद को किया बर्खास्त
मुनीर अहमद पर क्या है आरोप
सीआरपीएफ ने एक बयान जारी कर बताया कि सीआरपीएफ की 41 बटालियन के कांस्टेबल/जीडी मुनीर अहमद को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। उन पर पाकिस्तानी महिला से विवाह को छुपाने और उसकी वीज़ा वैधता समाप्त होने के बावजूद उसे जानबूझकर शरण देने का आरोप है। यह कार्य न केवल सेवा आचरण के खिलाफ पाया गया, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी खतरा माना गया।
सीआरपीएफ के प्रवक्ता पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) एम दिनकरन ने कहा कि मुनीर अहमद को एक पाकिस्तानी नागरिक से अपनी शादी को छिपाने और वीजा की वैधता से अधिक समय तक उसे जानबूझकर शरण देने के कारण तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अहमद के कृत्य को सेवा आचरण का उल्लंघन तथा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हानिकारक पाया गया।
आतंकियों ने निहत्थे लोगों पर चलाईं ताबड़तोड़ गोलियां
अहमद और मेनल खान की शादी का मामला तब सामने आया जब भारत ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद उठाए गए कूटनीतिक कदमों के तहत पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने को कहा था। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे। अहमद और मेनल खान ने पिछले साल 24 मई को वीडियो कॉल के जरिए शादी की थी।
सीआरपीएफ की जांच में पाया गया कि जवान ने अपनी शादी और अपनी पत्नी के भारत में निर्धारित समय से अधिक समय तक रहने की सूचना संबंधित अधिकारियों को नहीं दी थी।
